छिंदवाड़ा: थाने के अंदर 50 हजार की रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक गिरफ्तार, केस में खात्मा लगाने के एवज में मांगे थे एक लाख रुपये

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
छिंदवाड़ा, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के दमुआ पुलिस थाने में शनिवार को जबलपुर लोकायुक्त ने कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि प्रधान आरक्षक ने धोखाधड़ी के एक मामले में खात्मा (खारजी) लगाने के एवज में एक लाख रुपए की मांग की थी। रिश्वत की पहली किस्त लेते ही लोकायुक्त टीम ने थाने के भीतर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
लोकायुक्त की जांच के अनुसार, फरियादी शाहरुख खान के मामा शाहिद अंसारी ने पैसों के लेनदेन में धोखाधड़ी के आरोप में उसके खिलाफ दमुआ थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले की जांच प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव कर रहे थे। आरोप है कि केस में खात्मा लगाने के बदले एक लाख रुपए की मांग की गई थी। प्रधान आरक्षक की शाहरुख से सीधे बातचीत नहीं होती थी। बताया गया है कि उसके ममेरे भाई दानिश अंसारी के माध्यम से रिश्वत की मांग का संदेश पहुंचाया गया था। रिश्वत की मांग से परेशान होकर शाहरुख खान ने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने आरोपों का गोपनीय सत्यापन कराया। इसके बाद रिश्वत लेते हुए आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई गई।
तय योजना के अनुसार शनिवार को शाहरुख 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेकर दमुआ थाने पहुंचा। जैसे ही प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव ने रकम ली, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई थाने के अंदर ही की गई और रिश्वत की रकम जब्त कर ली गई।
लोकायुक्त डीएसपी रेखा प्रजापति के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। इसमें निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह नरवरिया सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। डीएसपी रेखा प्रजापति के अनुसार, फिलहाल जांच में प्रधान आरक्षक के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आई है। साक्ष्यों के संकलन और आगे की विवेचना के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
आरोपी ने जांच में सहयोग नहीं करने की बात कही
आरोपी प्रधान आरक्षक का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद संबंधित पक्ष को कई बार बुलाया गया, लेकिन वे जांच में उपस्थित नहीं हो रहे थे। वहीं, शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामले में खात्मा लगाने के बदले रिश्वत मांगी गई थी। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे