Live VNS

नीति चिंतन शिविर 2 दिसम्बर को होगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

नीति चिंतन शिविर 2 दिसम्बर को होगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- मुख्यमंत्री ने मंत्रि-परिषद् की बैठक से मंत्रि-गण को दी राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी

भोपाल, 23 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में 2 दिसंबर को नीति चिंतन शिविर होगा। इसमें सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव तथा सभी कलेक्टर्स भी हिस्सा लेंगे। इसमें दाे सत्र होंगे। पहला सत्र समृद्ध मध्यप्रदेश-2047 दस्तावेज पर केन्द्रित होगा। दूसरा सत्र सतत् विकास लक्ष्यों और अन्य विकास संकेतकों पर केन्द्रित होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद् की बैठक से पहले मंत्रि-गण को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने मंत्रि-गण से राज्य सरकार द्वारा बीते सप्ताह हासिल की गई विशेष उपलब्धियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नीति चिंतन शिविर के दौरान आयोजित सत्रों में नीतिगत एवं क्रियान्वयन चुनौतियों के समाधान, भविष्य के रोडमैप और बीते तीन सालों की उपलब्धियों तथा आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। पहले सत्र में आठ विषयों पर नोडल विभाग द्वारा प्रस्तुतिकरण होंगे। दूसरे सत्र में आठ माड्यूल्स पर नोडल विभाग प्रस्तुतिकरण करेंगे। इस प्रकार एक दिन में कुल 16 स्तंभों और माड्यूल्स पर मंथन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को भोपाल के नाथू बरखेड़ा में नवनिर्मित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स के पहले चरण के कामों के लोकार्पण सहित प्रदेश को मिली इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक अद्भुत परिसर है जहां लगभग सभी प्रकार के खेलों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस इंटरनेशनल स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स से अब अपना भोपाल पूरी मजबूती से अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र में स्थापित हो गया है। मुख्यमंत्री ने मंत्रि-गण एवं प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील की कि भोपाल में पहली बार हो रही इस एशियन चैंपियनशिप के मैचों का भरपूर आनंद लें।

वर्ष 2027 में मप्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा दो बार होगी, कैलेंडर जारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमने अगले वर्ष (2027) को युवा वर्ष घोषित करने के साथ ही युवाओं से वादा किया है कि प्रदेश में अगले साल मप्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा दो बार आयोजित की जाएगी। हमने अपना वादा पूरा किया है। मप्र लोक सेवा आयोग द्वारा अगले साल ली जाने वाली परीक्षाओं का समवेत कैलेंडर जारी कर दिया गया है। यह हम सबके लिए प्रसन्नता का अवसर है कि प्रदेश के युवाओं को उनकी प्रतिभा और योग्यता प्रदर्शन के लिए दो बार अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मंत्रि-गण यह सुनिश्चित करा लें कि रिक्त पदों का मांग-पत्र निर्धारित प्रारूप में आयोग तक समय पर पहुंच जाए, ताकि आयोग परीक्षाओं का विस्तृत विज्ञापन जारी कर सके।

टेलिकाम मैन्यूफैक्चरिंग ज़ोन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-गण से कहा कि मध्यप्रदेश की भूमि में देश का पहला टेलिकाम मैन्यूफैक्चरिंग ज़ोन के पहले चरण के तहत पात्र 25 कंपनियों को भूखंड आवंटित कर दिए गए हैं। इस परियोजना के दूसरे चरण के लिए 450 हेक्टेयर भूमि चिन्हित कर विकसित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस टेलिकॉम मैन्यूफैक्चरिंग ज़ोन से करीब 28000 लोगों को रोज़गार मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर में 170 एकड़ में देश का पहला इंटीग्रेटेड टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन विकसित किया जा रहा है। पहले चरण के लिए ग्वालियर टीएमजेड के लिए 25 निवेशकों ने 3,600 करोड़ रूपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव दिए। टीएमजेड की स्थापना के लिए जुलाई 2026 में भारत सरकार के दूरसंचार मंत्रालय के साथ एमओयू हुआ था। मात्र चार से पांच महीने में पहले फेज के लिए आवंटन जारी कर दिया गया। पच्चीस कंपनियों को आशय पत्र वितरित किए गए है। इन निवेशों से 15 हजार से अधिक रोजगार सृजित होंगे। अब दूसरे फेज के लिए 450.45 एकड़ जमीन देने का निर्णय हमने गांधीसागर में हुई कैबिनेट में कर लिया था। टीएमजेड निवेशक सम्मेलन में दूसरे चरण का भी शुभारंभ किया गया है।

स्वामित्व अंतर्गत मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में अब तक लगभग 26.50 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं। नवम्बर मासांत तक रजिस्ट्री का काम शत-प्रतिशत पूर्ण करना है। सभी मंत्रि-गण अपने-अपने क्षेत्र के जिलों में और प्रभार के जिलों में अभियान की निरंतर समीक्षा करते रहें। राजस्व विभाग भी रजिस्ट्री कार्य में पूरे समर्पण से यह लक्ष्य हासिल करें।

विधानसभा का शीतकालीन सत्र

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र सत्र सात दिसंबर से 11 दिसंबर तक चलेगा। सत्र के मद्देनजर सभी मंत्रि-गण अपनी-अपनी विभागीय तैयारी कर लें। अपने विभाग से संबंधित प्रश्नों, ध्यानाकर्षण आदि के उत्तर समय पर भेज दिए जाएं। सभी मंत्रिगण इन विभागों से संबंधित विधानसभा प्रश्नों आदि की ठीक से तैयारी कर लें। सदन में प्रस्तुत किए जाने वाले विधेयक, शासकीय संकल्प, प्रतिवेदन, अनुपूरक बजट मांगादि कार्यवाही पूर्ण कर ली जाएं। अपने-अपने विभाग की पिछले वर्ष की उपलब्धियों के बारे में जनता को बताएं। उन्होंने कहा कि विभागीय परामर्शदात्री समितियों की बैठकें भी इसी सत्र के दौरान करा ली जाएं।

जनजातीय कला उत्पादों को जीआई टैग

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय गोंड चित्रकला को जीआई टैग मिलना हम सबके लिए प्रसन्नता की बात है। सरकार जनजातीय समुदाय के सात अन्य कला उत्पादों को जीआई टैग दिलाने के लिए प्रयासरत है। इसमें भील जनजाति की माला, बोलनी, पिथौरा चित्रशैली, झाबुआ की आदिवासी गुड़िया तथा गोंड जनजाति के पारम्परिक वाद्ययंत्र बाना एवं चिकारा तथा मुखौटा काष्ठ शिल्प। मध्यप्रदेश के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में ट्राईबल कैफेटेरिया विकसित किए जा रहे हैं। इससे जनजातीय महिलाओं को रोजगार मिलेगा। जड़ी-बूटियों एवं अन्य वनौषधियों से देशी तरीके से उपचार की विधा जानने वाले 'ट्राईबल हीलर्स' चिन्हित किए जा रहे हैं। अब तक करीब 200 ट्राईबल हीलर्स चिन्हित किए जा चुके हैं।

प्रदेश में आए नए चीता मेहमान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 20 नवम्बर को कूनो में मादा चीता ने चार ्शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है। इनमें से 43 चीते भारत की धरती पर जन्मे हैं। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में 56, गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य में चार और नौरादेही वन्यजीव अभयारण्य में दओ चीते हैं। चीतों की संख्या में लगातार वृद्धि ये दर्शाती है कि इनके संरक्षण के हमारे प्रयासों को सही दिशा मिल रही है।

सर्वाईकल कैंसर टीकाकरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम चलाया गया है। मध्यप्रदेश, देश के उन टॉप फाइव राज्यों में है, जिन्होंने वैक्सीनेशन का काम शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और सम्पूर्ण स्वास्थ्य अमले को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि सबके सामूहिक प्रयासों से ही हम यह उपलब्धि हासिल कर सके। बेटियों की नई पीढ़ी को कैंसर से बचाने में यह अभियान नि: संदेह वरदान सिद्ध होगा।

कार्तिक पूर्णिमा - 24 नवम्बर-2026

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री गुरूनानक देव जी के 557 वें प्रकाश पर्व पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि गुरुनानक देव सामाजिक एकता, सद्भावना और सेवा भाव की मिसाल थे। वाहे गुरु जी की कृपा से हम सभी हमेशा सद्मार्ग पर चलें, सद्भावना, करुणा, प्रेम हमारे आचार-विचारों में रहे, ऐसी मंगलकामना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…