मुख्यमंत्री योगी पहुंचे वाराणसी, उपराष्ट्रपति के साथ काशी-तमिल संगमम का करेंगे शुभारंभ, बाबा विश्वनाथ का लेंगे आशीर्वाद

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की सुबह वाराणसी पहुंचे। सीएम उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के साथ काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। वहीं काशी विश्वनाथ औऱ कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लेंगे। बीएचयू के भारत कला भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट है।
सीएम विमान से वाराणसी स्थित लालबहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से कालभैरव मंदिर के लिए रवाना हुए। काशी कोतवाल के दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद सीएम नमो घाट जाएंगे। वहां उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के साथ काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। उपराष्ट्रपति के रवाना होने के बाद सीएम बीएचयू जाएंगे।
मुख्यमंत्री बीएचयू के भारत कला भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। उसके बाद बीएचयू हेलिपैड पहुंचेंगे। वहां से गंतव्य के लिए रवाना होंगे। वीवीआईपी आगमन के मद्देनजर वाराणसी प्रशासन अलर्ट है।