बाल विवाह के खिलाफ 27 नवंबर को विद्यालयों में गूंजेगी जागरूकता की आवाज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
लखनऊ, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य को लेकर सामाजिक बदलाव की मुहिम को नई धार दे रही है। बाल विवाह जैसी कुरीति के विरुद्ध अब विद्यालयों को जनजागरण का सशक्त केंद्र बनाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 नवंबर दिन शुक्रवार को प्रदेश के उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में विशेष जागरूकता और सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित होंगे।
सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। ज्ञात हो कि कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा तथा इस कुरीति के उन्मूलन में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा। शिक्षक, विद्यार्थी और विद्यालय कर्मचारी सामूहिक रूप से बाल विवाह के विरुद्ध शपथ लेंगे।
अभियान से जुड़ेगा परिवार और समाज
विद्यालय प्रबंध समितियों के सदस्यों और अभिभावकों को भी कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा। उद्देश्य स्पष्ट है कि बाल विवाह के विरुद्ध लड़ाई विद्यालयों तक सीमित न रहे, बल्कि परिवार और समुदाय भी इस सामाजिक बदलाव के सक्रिय भागीदार बनें।
ऑनलाइन शपथ और व्यापक प्रचार-प्रसार
विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को भारत सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल पर ऑनलाइन शपथ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रमों के फोटो विभागीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और स्थानीय समाचार पत्रों के माध्यम से साझा किए जाएंगे।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन