बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बसबिट्टी में प्रभात फेरी एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सुपौल, 28 नवंबर (हि.स.)। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को लेकर शनिवार को सदर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय बसबिट्टी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के अंतर्गत संचालित जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन, सुपौल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रभात फेरी निकाली गई तथा छात्राओं को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराना और समाज में इस कुप्रथा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक रूपम कुमारी ने बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र में बालिका का विवाह कराना कानूनन अपराध है। उन्होंने बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों के बारे में छात्राओं को जानकारी दी। लैंगिक विशेषज्ञ मोहम्मद तारिक सिद्दकी ने बाल विवाह की रोकथाम में शिक्षा एवं जागरूकता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को इसके खिलाफ सजग रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
जिला मिशन समन्वयक, जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन, सुपौल हरिनारायण कुमार ने कहा कि कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं की शिक्षा बाधित होती है तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इससे कम उम्र में गर्भधारण, स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं और आत्मनिर्भर बनने के अवसरों में कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से अपनी शिक्षा पूरी कर आत्मनिर्भर बनने तथा बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ब्रजेन्द्र विमल सहित रश्मि सिन्हा, रश्मि झा, उमेश पासवान, भवेश कुमार सिंह, श्वेता कुमारी, नन्ही कुमारी, राकेश रमनकवच परियोजना की नंदनी कुमारी, प्रखंड समन्वयक तथा जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन, सुपौल के सुशांत कुमार, लेखा सहायक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र