Live VNS

मोबाइल-रील की लत से बचाएगा ध्यान, बच्चों ने सीखे मन को साधने के गुर

मोबाइल-रील की लत से बचाएगा ध्यान, बच्चों ने सीखे मन को साधने के गुर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

धमतरी, 21 नवंबर (हि.स.)। मोबाइल और रील्स की बढ़ती लत के बीच बच्चों को पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की पहल की गई है। इसी उद्देश्य से शनिवार को सेजेस सिंगपुर में ग्राम पंचायत, स्कूल प्रबंधन एवं विकास समिति और अभिभावकों के संयुक्त सहयोग से ध्यान एवं संस्कार शिविर लगाया गया। इसमें बच्चों को योग-ध्यान के जरिए मन एकाग्र करने और अच्छी आदतें अपनाने के गुर सिखाए गए।

भगवती मानव कल्याण संगठन मगरलोड के पदाधिकारियों एवं साधकों ने बच्चों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग, इंटरनेट मीडिया की लत और नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने प्रातः उठने से लेकर रात में सोने तक की दिनचर्या तय करने और पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों के लिए समय निकालने की समझाइश दी। साधकों ने बताया कि मन चंचल होता है, जिसे योग, ध्यान और प्राणायाम के अभ्यास से नियंत्रित किया जा सकता है। बच्चों को एकाग्रता और स्मरण शक्ति बढ़ाने के लिए विभिन्न ध्यान विधियों का प्रायोगिक अभ्यास कराया गया। साथ ही किताबें पढ़ने, बुजुर्गों के साथ समय बिताने और पारिवारिक कार्यों में सहयोग करने की आदत विकसित करने पर जोर दिया गया। शिविर में अभिभावकों ने भी बच्चों के साथ ध्यान का अभ्यास कर उन्हें प्रेरित किया। अभ्यास के बाद बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए और प्रतिदिन योग-ध्यान को दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सरपंच लोमेश्वर साहू, प्राचार्य व्ही पी चंद्रा, अनिल सेन, डिगेंद्र निर्मलकर, भूपेंद्र कुमार, टेकराम, कन्हैयालाल, पुनेश महिलांग, मुकेश्वरी, गायत्री सिन्हा, कीर्ति सिन्हा, यामिनी यादव सहित एसएमडीसी के सदस्य, शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…