Live VNS

नेपाल में 36 चीनी नागरिक हिरासत में, लैपटॉप और मोबाइल बरामद

नेपाल में 36 चीनी नागरिक हिरासत में, लैपटॉप और मोबाइल बरामद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

काठमांडू, 17 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के काभ्रेपलांचोक जिले के पांचखाल स्थित व्हाइट पार्क रिसॉर्ट में पुलिस ने छापेमारी करके 36 चीनी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। उनके पास से लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किये गए हैं।

जिला पुलिस कार्यालय काभ्रेपलांचोक के सूचना अधिकारी डीएसपी रविन बिष्ट के अनुसार चीनी नागरिकों की संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन कार्यालय और जिला पुलिस कार्यालय की संयुक्त टीम ने रिसॉर्ट में छापा मारा। इस दौरान कुछ लैपटॉप और मोबाइल फोन के साथ 36 चीनी नागरिकों को नियंत्रण में लिया गया है। इनमें 31 पुरुष और 5 महिलाएं हैं।

डीएसपी बिष्ट ने बताया कि आगे की जांच के लिए नेपाल पुलिस के केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीआईबी) की अतिरिक्त जांच टीम को भी बुलाया गया है।इस संयुक्त कार्रवाई में जिला प्रशासन कार्यालय की ओर से अधिकृत अधिकारी सुनीता थापा ने नेतृत्व किया, जबकि जिला पुलिस कार्यालय की ओर से डीएसपी रविन बिष्ट ने टीम का नेतृत्व किया।

पुलिस के मुताबिक घटना की विस्तृत जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई के बीच यह भी सामने आया है कि पांचखाल के अलावा धुलिखेल के देवीथान स्थित गन्तव्य रिसॉर्ट, पनौती के थुम्की रिसॉर्ट और बल्थली माउंटेन रिसॉर्ट सहित कई अन्य रिसॉर्ट में भी चीनी नागरिक रह रहे हैं। इन रिसॉर्ट में रहने वाले चीनी नागरिक हर महीने किराये के रूप में बड़ी रकम का भुगतान कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…