चिट्टा मुक्त हिमाचल और जनजातीय गौरव दिवस थीम पर पोस्टर मेकिंग एवं नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मंडी, 12 नवंबर (हि.स.)। चिट्टा मुक्त हिमाचल और जनजातीय गौरव दिवस थीम पर जिला प्रशासन मंडी के तत्वावधान में इंदिरा मार्केट स्थित ओपन थिएटर में पोस्टर मेकिंग एवं नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मंडी जिला के 34 स्कूलों के लगभग 118 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में चिट्टा मुक्त हिमाचल थीम पोस्टर मेकिंग व नारा लेखन तथा जनजातीय गौरव दिवस से संबंधित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में अतिरिक्त उपायुक्त मंडी प्रियांशु खाती विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह वर्धन किया।
कार्यक्रम के संयोजक जितेंद्र सैनी ने बताया कि चिट्टा मुक्त हिमाचल थीम के अंतर्गत आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कुल 31 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें आज्ञा ने प्रथम, प्रांशु ठाकुर ने द्वितीय तथा बलजीवत सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, नारा लेखन प्रतियोगिता में 57 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिसमें दिव्यांशी प्रथम, दर्पण द्वितीय तथा वंशिका तृतीय स्थान पर रहे। जनजातीय गौरव दिवस थीम पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कुल 30 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें औजस्वी ने प्रथम, शैलजा चंदेल ने द्वितीय तथा शगुन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ भगवान बिरसा मुंडा के योगदान एवं जनजातीय गौरवशाली इतिहास से परिचित करवाने का प्रयास किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा