चिट्टा मुक्त अभियान के तहत शिमला में 8 खेल प्रतियोगिताएं, 30 नवंबर तक पंजीकरण का मौका

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
शिमला, 23 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने के लिए ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष की आयु के युवा हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिताएं पहले खंड स्तर, फिर जिला और उसके बाद राज्य स्तर पर होंगी। जिला शिमला में अब तक 998 टीमों ने पंजीकरण करवाया है। इच्छुक टीमें 30 नवंबर तक https://khelohimachal.hp.gov.inपर पंजीकरण करवा सकती हैं।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाना है। प्रतियोगिताओं में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए क्रिकेट, बैडमिंटन, हॉकी, कबड्डी, रस्साकशी, वॉलीबॉल, कुश्ती और एथलेटिक्स सहित आठ खेल शामिल हैं। एथलेटिक्स में 100, 200 और 400 मीटर दौड़ होगी। बैडमिंटन में एकल और युगल मुकाबले होंगे। प्रतिभागियों की आयु का सत्यापन आधार कार्ड से किया जाएगा।
विजेताओं को मिलेंगे लाखों रुपये के पुरस्कार
उपमंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वालों को क्रमशः 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये दिए जाएंगे। जिला स्तर पर यह पुरस्कार राशि 2 लाख, 1.50 लाख और 1 लाख रुपये होगी। राज्य स्तर पर छह प्रमुख खेलों में प्रथम पुरस्कार 31 हजार, द्वितीय 15 हजार और तृतीय 10 हजार रुपये प्रस्तावित हैं। कुश्ती और रस्साकशी में राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 11 लाख, द्वितीय 5 लाख और तृतीय 3 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। पुरुष और महिला वर्ग के लिए समान पुरस्कार राशि रखी गई है। फुटबॉल और बास्केटबॉल को भी शामिल किया गया है। इनके पुरस्कार प्रभारी मंत्री की मंजूरी के बाद तय होंगे।
अभियान का राज्य स्तरीय उद्घाटन 15 दिसंबर को धर्मशाला में होगा। इसके अगले दिन से उपमंडल स्तर की प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। शिमला जिले में उद्घाटन समारोह 16 दिसंबर को सुन्नी में प्रस्तावित है। जिले के चौपाल, डोडरा क्वार, जुब्बल, कोटखाई, कुमारसैन, कुपवी, रामपुर, रोहड़ू, शिमला ग्रामीण, शिमला शहरी, सुन्नी और ठियोग में खेल स्थलों का चयन किया गया है। उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अगले तीन दिनों में संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा