Live VNS

मध्य प्रदेश के आधे हिस्से में बादलों का डेरा, आज 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, दिन में बढ़ी ठिठुरन

मध्य प्रदेश के आधे हिस्से में बादलों का डेरा, आज 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, दिन में बढ़ी ठिठुरन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भोपाल, 23 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। पूर्वी हिस्से में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र और ट्रफ के असर से रविवार को प्रदेश के करीब आधे हिस्से में बादल छाए रहे। जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के कुछ जिलों में बारिश भी हुई। सोमवार को 13 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दूसरी ओर, रात के तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद दिन में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।

मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान सतना, रीवा, मैहर, कटनी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में बारिश हो सकती है। वहीं, जबलपुर और सागर संभाग के अन्य जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है। प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में भी एक चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है, जिसका असर कुछ इलाकों में देखने को मिल सकता है।

रात में राहत, दिन में बढ़ी ठंड

प्रदेश में फिलहाल रात की तुलना में दिन के समय ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है। बादल छाए रहने और धूप कमजोर पड़ने से दिन के तापमान में गिरावट आई है, जबकि रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीती रविवार रात शाजापुर जिले के गिरवर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बैतूल में 11.7 और नौगांव में 13.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। नीमच जिले के मरुखेड़ा, खरगोन और नरसिंहपुर में 13.4 डिग्री, ग्वालियर में 13.5, रतलाम में 14.2, भोपाल में 14.6 और धार में 14.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश में तीन मौसम प्रणालियों का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश में फिलहाल तीन मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। पूर्वी हिस्से में निम्न दबाव क्षेत्र और ट्रफ के प्रभाव से आंधी-बारिश का दौर चल रहा है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम हिस्से में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम भी मौसम को प्रभावित कर रहा है।

इसके अलावा कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने से उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं प्रदेश में पहुंच रही हैं। बादलों के कारण दिन में धूप कम निकल रही है, जिससे ठंड का अहसास बढ़ गया है। प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

सिस्टम आगे बढ़ने पर बढ़ेगी सर्दी

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं का असर प्रदेश में बना रहेगा। मौजूदा मौसम प्रणालियों के आगे बढ़ने के बाद तापमान में फिर गिरावट आ सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड और तेज होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…