गलोड़ में खुलेगा बीडीओ कार्यालय, सहकारी समिति को मिलेंगे एक करोड़ रुपये : मुख्यमंत्री

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हमीरपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वीरवार काे हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र के गलोड़ में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने स्थानीय सहकारी समिति को एक करोड़ रुपये देने तथा ग्राम पंचायत गोईस के नए पंचायत भवन के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने गलोड़ में आयोजित चिकित्सा शिविर का शुभारंभ भी किया।
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रतिबद्धता से राज्य के राजस्व में 4,000 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि किशाऊ बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना को हिमाचल प्रदेश की शर्तों के अनुरूप समझौते के तहत आगे बढ़ाया गया है। इससे प्रदेश सरकार को परियोजना में कोई निवेश नहीं करना पड़ेगा। परियोजना पूरी होने के बाद हिमाचल को प्रतिवर्ष 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को गति देने के लिए कांग्रेस सरकार ने अपने संसाधनों से 500 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। आगामी एक वर्ष में यह संस्थान प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा महाविद्यालयों में शामिल होगा। सरकार आईजीएमसी शिमला, टांडा और नेरचौक मेडिकल कॉलेजों में भी विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि गलोड़ क्षेत्र की सभी सड़कों को डबल लेन में स्तरोन्नत किया गया है। क्षेत्र में सीबीएसई स्कूल खोलने के साथ शिक्षकों की नियुक्तियां भी की गई हैं। प्रदेश सरकार सभी क्षेत्रों के समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही 'मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार' योजना शुरू करेगी। इसके तहत पात्रता आय सीमा 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये की गई है। योजना के अंतर्गत 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की 3.50 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये पेंशन तथा परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा 59 वर्ष से अधिक आयु की 2.87 लाख महिलाओं की पेंशन भी 1,050 से बढ़ाकर 1,500 रुपये की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की है और पेपर लीक मामलों में संलिप्त लोगों को जेल पहुंचाया है। कांग्रेस सरकार ने 1.36 लाख कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर हमीरपुर जिले के सुजानपुर में समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने आर्थिक, प्राकृतिक और राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद प्रदेश के हितों को सर्वोपरि रखते हुए विकास कार्य जारी रखे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला