‘लोकमंथन’-2026 : लोक परंपराओं और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा दायित्व-मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मुख्यमंत्री ने लोकमंथन-2026 के कार्यक्रम स्थल पर किया भूमि पूजन, 4 से 6 दिसंबर तक जवाहर कला केन्द्र में होगा आयोजन
जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि लोकमंथन भारत की सांस्कृतिक चेतना और लोकजीवन की परंपराओं का उत्सव है तथा राजस्थान की धरा पर इसका आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में अपनी सांस्कृतिक पहचान और मूल्यों को संरक्षित करना आवश्यक हो गया है। ऐसे में इस लोकमंथन कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के विचारकों, विद्वानों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को विचार-विमर्श का साझा मंच मिलेगा।
मुख्यमंत्री गुरुवार को जवाहर कला केन्द्र में लोकमंथन-2026 की स्वागत समिति की बैठक को बतौर अध्यक्ष संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकमंथन का मूल भाव राष्ट्र प्रथम के विचार को केंद्र में रखते हुए हमारी गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और ज्ञान विरासत को आगे बढ़ाना है। इस आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना और परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही आने वाली पीढ़ी को अपने गौरवशाली अतीत और संस्कारों से परिचित करवाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रत्येक मांगलिक एवं धार्मिक आयोजन के पीछे विशेष उद्देश्य और सामाजिक संदेश निहित होता है। उन्होंने विवाह की परंपरा का उदाहरण देते हुए कहा कि बहन-बेटियों द्वारा देहरी पूजन की परंपरा परिवार और समाज के बीच संबंधों को मजबूत करने का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में जीवन का प्रत्येक पक्ष परंपरा, अनुशासन और विशेष भाव से जुड़ा हुआ है। मंदिरों में अलग-अलग पहरों से लेकर विवाह समारोहों में अलग-अलग समय के अनुसार मांगलिक गीत गाए जाते हैं। लेकिन समय के साथ हमारी अनेक लोक परंपराएं और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां विस्मृत होती जा रही हैं। आज आवश्यकता है कि हम अपनी इन परंपराओं को समझें, संजोएं और अगली पीढ़ी तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्त करने के लिए कर्तव्य पथ, नए संसद भवन और सेवा तीर्थ जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उनकी प्रेरणा से ही राज्य सरकार ने 30 मार्च की जगह प्रतिवर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को राजस्थान दिवस मनाने की शुरुआत की है। इसी तरह हमारी सरकार ने माउण्ट आबू का नाम आबूराज किया है। वहीं, वेद विद्यालयों के अध्यापकों का मानदेय बढ़ाने और गौ संरक्षण के लिए गौशालाओं को करीब 4 हजार करोड़ रुपये का अनुदान भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विदेशों से प्राचीन धरोहरों की वापसी से लेकर आस्थाधामों के विकास तक राष्ट्रीय चेतना के अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री के ‘विकास भी, विरासत भी‘ के मूल मंत्र के साथ राज्य सरकार ने भी शेखावाटी की 660 से अधिक हवेलियों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इन हवेलियों के संरक्षण के लिए प्रवासी राजस्थानियों का सहयोग लिया जाएगा। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा आगामी प्रवासी दिवस (10 दिसंबर) के अवसर पर 8 दिसंबर को शेखावाटी में हेरिटेज मीट का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की धरती वीरता और बलिदान के साथ-साथ कला, साहित्य, संगीत, अध्यात्म, लोकजीवन और सांस्कृतिक वैभव की अनुपम धरा है। यहां की मांड गायकी, घूमर, कालबेलिया नृत्य, कठपुतली कला, फड़ चित्रकला और स्थापत्य परंपरा की दुनिया में विशिष्ट पहचान है। जयपुर में लोकमंथन का आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि स्वागत समिति के सदस्य लोकमंथन 2026 के माध्यम से ‘हम भारत के लोग’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
लोक और शास्त्र अलग नहीं, भारतीय चेतना के दो अभिन्न पक्ष : जे. नंदकुमार
प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक एवं लोकमंथन के महासचिव जे. नंदकुमार ने कहा कि लोक और शास्त्र को अलग-अलग मानना पश्चिमी विचार है। भारतीय ज्ञान परंपरा में लोककला, लोक संस्कृति, लोक जीवनशैली, लोक पर्यावरण दृष्टि और लोक विज्ञान ने ही आधुनिक शास्त्र के विकास में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि लोक को पिछड़ेपन और अपरिष्कृत सोच से जोड़कर देखना उचित नहीं है। 'लोक' शब्द भारतीय जीवन दृष्टि का अभिन्न हिस्सा है और इसका अंग्रेजी में 'फोक' अनुवाद इसके व्यापक अर्थ को व्यक्त नहीं करता। उन्होंने बताया कि लोकमंथन की मूल परिकल्पना राष्ट्र की एकता और एकात्मता को मजबूत करना तथा राष्ट्र निर्माण में समाज की भागीदारी को सामने लाना है। इसके लिए देशभर में चार आयोजन और अनेक पूर्व-लोकमंथन कार्यक्रम हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोकमंथन-2026 से पूर्व राजस्थान के विभिन्न अंचलों में एक व्यापक यात्रा निकाली गई, जिसके अंतर्गत ‘ग्राम दर्शन’ जैसे अभूतपूर्व कार्यक्रम संपन्न हुए। उन्होंने कहा कि लोकमंथन के लिए अब तक बड़ी संख्या में युवाओं का पंजीकरण हो चुका है। इन युवाओं की सहभागिता नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और राष्ट्र की मूल चेतना से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने लोकमंथन-2026 के आयोजन स्थल पर विधिवत भूमि पूजन किया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में पूर्णाहुति अर्पित की।
उल्लेखनीय है कि ‘हम भारत के लोग’ थीम पर आधारित लोकमंथन-2026 का आयोजन जयपुर के जवाहर कला केन्द्र में 4 से 6 दिसंबर तक किया जाएगा।
बैठक में आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. शिवकुमार सहित संत-महंत एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर