गौचर मेले का मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ, सिमली अस्पताल के लिए बनेगी कमेटी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
गोपेश्वर, 14 नवम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए जल्द कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया। गौचर और गैरसैंण की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने वाली दो योजनाओं का लोकार्पण भी किया।
गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने मेले के संस्थापक स्व. गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ गौचर मेला आज औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान बना चुका है। कभी भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र रहा गौचर ऊन, पश्मीना और जड़ी-बूटियों के कारोबार के लिए जाना जाता था। आज यह मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का बड़ा मंच दे रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि चमोली की दालें, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद, ऊनी हस्तशिल्प और जड़ी-बूटियों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड शुरू किया गया है। इसका कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास युवाओं को कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि पलायन पर अंकुश लगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से चमोली की कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।
इस दौरान प्रभारी मंत्री भरत सिंह चैधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जाधारी मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, माधव प्रसाद सेमवाल, व प्रेम सिंह राणा, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गजपाल सिंह बत्र्वाल, नगर पालिका परिषद गौचर अध्यक्ष संदीप नेगी, ब्लॉक प्रमुख कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी, भाजपा महामंत्री अरुण मैठाणी व विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सिमली अस्पताल पर कमेटी, प्रेस क्लब के लिए जमीन तलाशने को कहा
मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित कर सभी संबंधित पक्षों को सुनने की बात कही। प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का आग्रह किया।
गौचर और गैरसैंण को पेयजल योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें अमृत 2.0 के तहत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गौचर नगरीय पेयजल योजना और गैरसैंण में 4.59 करोड़ रुपये की लागत से नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं।
दो विभूतियों को मिला स्मृति सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए ग्राम बमोथ निवासी वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026 से सम्मानित किया। वहीं, देहरादून के बिनसर पब्लिकेशन के वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026 प्रदान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल