30 नवंबर तक सड़क और फुटपाथ का काम पूरा नहीं हुआ तो कार्यदायी संस्था पर होगी कार्रवाई : नगर आयुक्त

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कानपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। सीएम ग्रिड सड़क निर्माण में लापरवाही और धीमी प्रगति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे कराए जाएं। 30 नवंबर तक सड़क और फुटपाथ का काम पूरा नहीं होने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश शुक्रवार को जोन-3 में सीएम ग्रिड फेस-1 के कार्यों का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने दिए।
निरीक्षण के दौरान बाबा कुटी चौराहे से सोठे वाले बाबा मंदिर होते हुए अलंकार गेस्ट हाउस तक सड़क निर्माण और अन्य कार्यों की स्थिति देखी गई। साउथ एक्स मॉल के सामने स्टॉर्म वाटर लाइन का काम निर्धारित समय के अनुरूप नहीं मिलने पर अवर अभियंता हरिओम को चेतावनी दी गई। उन्हें 21 नवंबर तक काम पूरा करने का निर्देश दिया गया। ऐसा नहीं होने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बाबा कुटी से मार्बल मार्केट तक करीब 250 मीटर फुटपाथ का काम अधूरा मिलने पर एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए गए। कार्यदायी संस्था को करीब 200 श्रमिक लगाकर काम तेज करने और 30 नवंबर तक सड़क व फुटपाथ निर्माण पूरा करने को कहा गया। साउथ एक्स मॉल के सामने जल निगम की ओर से डाली जा रही सीवर लाइन दो दिन में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
मिक्की हाउस के सामने सड़क चौड़ीकरण और लेवलिंग के काम की गुणवत्ता जांच आईआईटी से कराने को कहा गया। वहीं, प्रकाश व्यवस्था के लिए तीन दिन में पोल लगाकर लाइटें चालू करने के निर्देश दिए गए। गौशाला चौराहे से नौबस्ता की ओर अवैध रूप से संचालित फूल मंडी से फैल रही गंदगी पर भी नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को अवैध कारोबार करने वालों को हटाने और उनसे प्रतिदिन दो बार यूजर चार्ज वसूलने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जोनल अभियंता आरके तिवारी, जोनल स्वच्छता अधिकारी आशीष बाजपेयी, सहायक अभियंता, जल निगम के अभियंता और कार्यदायी संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप