सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में जबलपुर नगर निगम प्रदेश में अव्वल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जबलपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में जबलपुर नगर निगम ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। निगमायुक्त अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन और लगातार मॉनिटरिंग के चलते नगर निगम ने अक्टूबर 2026 की ग्रेडिंग में 99.19 प्रतिशत वेटेज स्कोर प्राप्त कर प्रदेश के सभी नगर निगमों को पीछे छोड़ दिया।
मध्य प्रदेश शासन द्वारा 20 नवंबर को जारी ग्रेडिंग सूची में जबलपुर नगर निगम को ए ग्रेड के साथ प्रथम रैंक मिली है। नगर निगम को सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से कुल 3199 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इनमें से लगभग 59.40 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण शिकायतकर्ताओं से सीधे चर्चा कर उनकी संतुष्टि के आधार पर किया गया। निगम की विभिन्न टीमों ने आवेदकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझा और समाधान सुनिश्चित किया। अधिकारियों के मुताबिक, अधिकांश प्रकरणों का निराकरण आवेदकों की संतुष्टि के बाद ही किया गया।
निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने बताया कि शासन स्तर पर प्रत्येक माह नगरीय निकायों के कामकाज की ग्रेडिंग की जाती है। अक्टूबर माह की जारी ग्रेडिंग में जबलपुर नगर निगम को ए ग्रेड के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम की मेहनत, सक्रियता और बेहतर समन्वय को दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक