Live VNS

मिथिला विभूति पर्व में 346.26 करोड़ की 105 योजनाओं की सौगात देंगे मुख्यमंत्री

मिथिला विभूति पर्व में 346.26 करोड़ की 105 योजनाओं की सौगात देंगे मुख्यमंत्री

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

दरभंगा, 19 नवंबर (हि.स.)।54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के उद्घाटन के अवसर पर 22 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दरभंगा पहुंचेंगे। इस दौरान वे जिले को 346.26 करोड़ रुपये की कुल 105 विकासात्मक योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 103 योजनाओं का उद्घाटन और दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 22 से 24 नवंबर तक ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित नागेन्द्र झा स्टेडियम में मिथिला विभूति पर्व समारोह आयोजित होगा। मुख्यमंत्री 22 नवंबर को समारोह का उद्घाटन करेंगे। उनके श्यामा माई मंदिर में पूजा-अर्चना करने के साथ ही मंदिर परिसर में चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

डीएम के अनुसार, मुख्यमंत्री 33,008.75 लाख रुपये की लागत से पूरी होने वाली 103 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जबकि 1,617.21 लाख रुपये की लागत वाली दो योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इस प्रकार कुल 34,625.96 लाख रुपये यानी 346.26 करोड़ रुपये की विकासात्मक योजनाएं समारोह के दौरान जनता को समर्पित की जाएंगी अथवा उनकी आधारशिला रखी जाएगी।

मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही पात्र लाभुकों के बीच सरकारी योजनाओं का लाभ भी वितरित करेंगे। इसके अतिरिक्त भवन निर्माण, सड़क निर्माण तथा प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा संबंधित अधिकारियों के साथ करेंगे। इसके लिए नागेन्द्र झा स्टेडियम परिसर में विशेष मीटिंग हॉल तैयार किया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मिथिला विभूति पर्व क्षेत्र की भाषा, साहित्य, कला, संस्कृति और समृद्ध परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…