मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा, कहा- बाराबंकी विकास प्राधिकरण का करें गठन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
लखनऊ, 24 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के सुनियोजित एवं समग्र विकास के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण की सीमा का विस्तार कर पूरे लखनऊ जनपद को इसके दायरे में लाने की आवश्यकता जताई है। मंगलवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बाराबंकी में नए विकास प्राधिकरण के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए भी विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य राजधानी क्षेत्र में लखनऊ जनपद की आबादी सबसे तेजी से बढ़ रही है। बढ़ती आबादी की आवासीय, व्यावसायिक और सामुदायिक जरूरतों को पूरा करने के साथ ही राजधानी के बाहरी क्षेत्रों में अवैध एवं अनियंत्रित निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एलडीए का विस्तार जरूरी है।
लखनऊ से सटे बाराबंकी में भी तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार, औद्योगिक गतिविधियों और आवासीय दबाव को देखते हुए मुख्यमंत्री ने नए विकास प्राधिकरण के गठन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजधानी के निकट होने के कारण बाराबंकी में भूमि उपयोग और निर्माण गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में जरूरी है कि विकास को शुरुआत से ही सुनियोजित दिशा दी जाए, ताकि भविष्य में बुनियादी ढांचे, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं न पैदा हों। मुख्यमंत्री ने बाराबंकी विकास प्राधिकरण के गठन का विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के विकास की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कॉरिडोर उन्मुख विकास की कार्यवाही को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल करते हुए तेजी से आगे बढ़ाया जाए। अधिकारियों ने बताया कि यूपीसीडा की सीमा और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के तीन किलोमीटर दक्षिण के बीच लगभग 470 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 171 गांव और अचलगंज नगर पंचायत शामिल हैं। पिछले एक दशक में इस क्षेत्र का निर्मित दायरा दोगुने से अधिक हो चुका है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में 35 से 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम विकसित किया जाना चाहिए। इसके लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन आपसी समन्वय से रेवेन्यू शेयर मॉडल पर निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन करें और विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें।
बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र की जीआईएस आधारित क्षेत्रीय योजना-2051 की प्रगति और प्रस्तावित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राज्य राजधानी क्षेत्र की विकास योजना तैयार करते समय प्रत्येक जनपद की विशिष्ट क्षमताओं और आर्थिक संभावनाओं को प्राथमिकता दी जाए। लखनऊ में अर्बन रेजिलिएंस, रायबरेली में विनिर्माण एवं डिफेंस इंजीनियरिंग, उन्नाव में औद्योगिक विस्तार, बाराबंकी में कृषि-उद्योग एवं इको-टूरिज्म, हरदोई में संडीला औद्योगिक कॉरिडोर और सीतापुर में नैमिषारण्य के अनुरूप पर्यटन विकास को केंद्र में रखकर क्षेत्रीय नियोजन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों में विभिन्न श्रेणियों के रिक्त पदों पर भर्ती एवं नियुक्ति की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन