मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल की मुलाकात

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सुनील बंसल का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक विषयों सहित पार्टी संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान भाजपा संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा जनसेवा के संकल्प को और मजबूती से आगे बढ़ाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य संगठन की मजबूती के साथ जनसेवा को प्रभावी बनाना है।
उन्होंने पार्टी संगठन को सशक्त करने तथा आमजन तक सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों का लाभ पहुंचाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित