मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुनक नहर पर मनाया स्वच्छता का पर्व, जैकी श्रॉफ समेत कई हस्तियों ने किया श्रमदान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व के बाद दिल्ली में स्वच्छता का संदेश देने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने गुरुवार को मुनक नहर पर स्वच्छता पर्व का आयोजन किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ, अभिनेत्री ईशा गुप्ता, गायक स्टेबिन बेन, बिस्मिल और बड़ी संख्या में दिल्लीवासियों ने भाग लिया। सभी ने श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व के बाद आज दिल्ली मुनक नहर पर स्वच्छता का पर्व मना रही है। उन्होंने कहा कि छठ के दौरान घाटों पर आस्था ने सभी को एकजुट किया था और आज उन्हीं घाटों की स्वच्छता के लिए लोग एक साथ आए हैं।
मुख्यमंत्री ने अभियान में बच्चों और युवाओं की भागीदारी की विशेष सराहना करते हुए कहा कि नन्हे बच्चों और युवा साथियों ने अपने उत्साह से सबसे ज्यादा दिल जीता। बच्चों ने सफाई का संकल्प लेकर, चेहरों पर मुस्कान के साथ और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से स्वच्छता का सुंदर संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता पर्व अभियान में उत्साहपूर्वक शामिल होने वाले सभी बच्चों, युवाओं और दिल्लीवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में निरंतर योगदान देने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी