(लीड) दिल्ली की सीमाओं तक सीमित नहीं रहेगी परिवहन व्यवस्था, एनसीआर व पड़ोसी राज्यों से जुड़ रही कनेक्टिविटी: मुख्यमंत्री

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को आईएसबीटी कश्मीरी गेट से 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आनंद विहार आईएसबीटी से हापुड़ के बीच अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा की भी शुरुआत की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को केवल शहर की सीमाओं तक सीमित रखकर नहीं देखा जा सकता। एनसीआर और पड़ोसी राज्यों के अनेक शहरों से बड़ी संख्या में लोग रोजाना रोजगार, व्यापार, शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए दिल्ली आते हैं। सरकार का प्रयास है कि इन शहरों के बीच सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी मजबूत हो, ताकि लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर न रहना पड़े।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन के विकल्प बढ़ने से सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होगा, यातायात जाम से राहत मिलेगी और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी गति मिलेगी। सरकार का लक्ष्य केवल बसों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा आधुनिक सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क विकसित करना है, जो आम नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा कर सके।
नई 100 इलेक्ट्रिक बसों में 50 बसें 9 मीटर और 50 बसें 12 मीटर लंबाई की हैं। सभी बसें वातानुकूलित, लो-फ्लोर वाली हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए इनमें सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, रियल टाइम ट्रैकिंग और दिव्यांगजनों के अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली का कुल बस बेड़ा बढ़कर 7,088 हो गया है। इसमें 5,338 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें शामिल हैं।
दिल्ली सरकार ने आनंद विहार आईएसबीटी और हापुड़ बस स्टेशन के बीच 12 इलेक्ट्रिक बसों की अंतरराज्यीय सेवा शुरू की है। यह सेवा दिल्ली, गाजियाबाद, पिलखुवा और हापुड़ के दैनिक यात्रियों को नियमित और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी।
इस रूट पर दोनों दिशाओं में निर्धारित समय के दौरान हर 20 मिनट के अंतराल पर बसें संचालित होंगी। बसें गढ़ोली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर, डाबर, मोहन नगर, न्यू और ओल्ड गाजियाबाद बस स्टैंड, हापुड़ चुंगी, आईएमएस कॉलेज (डासना), मसूरी, छिजारसी, कुलेच नगर, पिलखुवा और निजामपुर सहित प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेंगी। इस रूट का किराया 124 रुपये निर्धारित किया गया है।
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। 100 नई इलेक्ट्रिक बसों के जुड़ने से दिल्ली देश में सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस बेड़ा रखने वाले शहर के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत कर रही है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2028-29 तक दिल्ली के बस बेड़े को लगभग 14,000 तक पहुंचाना है। दिल्ली से पानीपत और करनाल के लिए भी अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू की गई हैं।
परिवहन मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार और पड़ोसी राज्यों के साथ बेहतर कनेक्टिविटी प्रदूषण कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। सरकार का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और भरोसेमंद परिवहन सुविधा उपलब्ध कराकर सार्वजनिक परिवहन को लोगों की पहली पसंद बनाना है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी