Live VNS

बलरामपुर : रघुनाथनगर के कर्मा महोत्सव में 27 नवंबर को शामिल होंगे मुख्यमंत्री साय

बलरामपुर : रघुनाथनगर के कर्मा महोत्सव में 27 नवंबर को शामिल होंगे मुख्यमंत्री साय

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बलरामपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 27 नवंबर को वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर में आयोजित कर्मा महोत्सव में शामिल होंगे। शासकीय हाई स्कूल मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में वे बलरामपुर-रामानुजगंज जिले को 71 करोड़ 47 लाख 99 हजार रुपये के 694 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें 54 करोड़ 20 लाख 62 हजार रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास तथा 17 करोड़ 27 लाख 37 हजार रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत पात्र लोगों को सामग्री भी वितरित करेंगे।

मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग के दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। वाड्रफनगर विकासखंड में 8 करोड़ 77 लाख 68 हजार रुपये की लागत से भगवानपुर से मेंढ़ारी तक 6 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। वहीं रामचंद्रपुर विकासखंड में 4 करोड़ 92 लाख 74 हजार रुपये की लागत से डिंडो-विमलापुर-नवाडीह मार्ग के 18 किलोमीटर हिस्से का मजबूतीकरण और उन्नयन किया जाएगा।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की वीबी-जी राम जी योजना के तहत जिले के सभी विकासखंडों में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी होगा। इनमें 61.56 लाख रुपये की लागत से सरकारी स्कूलों में 9 अतिरिक्त कक्ष, 4 करोड़ 58 लाख 98 हजार रुपये से 27 पुलिया, 3 करोड़ 48 लाख 88 हजार रुपये से 25 मिट्टी-मुरुम सड़कें और 31 करोड़ 80 लाख 78 हजार रुपये की लागत से 609 अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 14 करोड़ 31 लाख 84 हजार रुपये की लागत वाली 7 एकल ग्राम नल-जल योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें बलरामपुर विकासखंड के भैंसामुंडा, दलधोवा, खुर्रा और नवाडीहखुर्द तथा रामचंद्रपुर विकासखंड के कुर्लुडीह, धनपुरी और तामेश्वरनगर की योजनाएं शामिल हैं। इनके शुरू होने से संबंधित गांवों में पेयजल सुविधा का विस्तार होगा।

स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में 100 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल रामानुजगंज में 36.10 लाख रुपये की लागत से स्थापित डायलिसिस यूनिट का लोकार्पण किया जाएगा। इससे किडनी रोगियों को डायलिसिस के लिए जिले से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा वीबी-जी राम जी योजना के तहत 1 करोड़ 40 लाख 28 हजार रुपये की लागत से बने 12 आंगनबाड़ी भवनों को भी जनता को समर्पित किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा राजपुर में 48.03 लाख रुपये की लागत से नवगठित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय भवन और कुसमी विकासखंड के चांदो में 71.12 लाख रुपये की लागत से बने नवगठित तहसील कार्यालय भवन का भी मुख्यमंत्री लोकार्पण करेंगे। इन भवनों के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…