मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे देवीपाटन मंदिर, ब्रम्हलीन महंत को देंगे श्रद्धांजलि

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बलरामपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार 27 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर बलरामपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां देवीपाटन मंदिर में आयोजित ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ योगी के 26वीं पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद देवीपाटन मंदिर में रात्रि विश्राम करेंगे, अगले दिन शनिवार को यहां से रवाना होंगे।
प्रशासन की ओर से गुरुवार को जारी मिनट टू मिनट कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी 27 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल, तुलसीपुर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से कार द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 1:35 बजे विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 1:35 बजे से शाम 05 बजे तक मुख्यमंत्री का समय आरक्षित रहेगा। इसके बाद शाम 05 बजे से 06 बजे तक देवीपाटन मंदिर परिसर में ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि एवं स्मृति कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन के द्वारा सुरक्षा सहित विभिन्न बिंदुओं पर व्यापक तैयारी की गई है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन