सारंगढ़ जिला अस्पताल का सीएमएचओ ने किया निरीक्षण, मरीजों से संवाद कर उपचार व्यवस्था का लिया जायजा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जांजगीर चांपा/सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 नवंबर (हि. स.)। जिले के शासकीय अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता सुधारने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने रविवार को जिला अस्पताल सारंगढ़ का निरीक्षण किया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार किए गए इस निरीक्षण में उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे उपचार, आवश्यक जांच, दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य कर्मचारियों के व्यवहार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मरीजों की समस्याओं एवं सुझावों को सुनते हुए अस्पताल प्रबंधन को स्वास्थ्य सेवाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
डॉ. वैष्णव ने अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) एवं अंतरंग रोगी विभाग (आईपीडी) का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल से प्रतिदिन ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों की संख्या, भर्ती मरीजों की स्थिति, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और दवाइयों की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।
सीएमएचओ ने कहा कि शासकीय अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं दी जाएं, ताकि उन्हें उपचार के दौरान किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो।
सीएमएचओ ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील, सहयोगात्मक एवं आत्मीय व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच और उपचार उपलब्ध कराया जाए। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चिकित्सा सुविधाओं के साथ मरीजों के प्रति सकारात्मक व्यवहार भी जरूरी है।
उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिले के शासकीय अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि आम नागरिकों को नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर उपचार मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) दीपक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT