Live VNS

सर्द हवा ने बढ़ाई ठिठुरन, राजस्थान में लगातार गिर रहा रात का पारा

सर्द हवा ने बढ़ाई ठिठुरन, राजस्थान में लगातार गिर रहा रात का पारा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं का असर बढ़ने के साथ ही रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। प्रदेश के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। सुबह और शाम चल रही सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है, वहीं लोग अब गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं।

शेखावाटी क्षेत्र में सर्दी का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है।

फतेहपुर में लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। यहां बुधवार को रात का तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया। नागौर में भी रात काफी ठंडी रही और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा बीकानेर संभाग तथा पूर्वी राजस्थान के भरतपुर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में भी सर्द हवाओं का प्रभाव अधिक रहा।

बाड़मेर और जैसलमेर को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी शहरों में बुधवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया।

तापमान में आई गिरावट के कारण रात के साथ सुबह के समय भी सर्दी का असर तेज हो गया है। खुले इलाकों में सर्द हवाएं लोगों को कंपकंपी का अहसास करा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन सुबह और शाम सर्दी का असर बना रहेगा। दिन में आसमान साफ रहने और अच्छी धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में रात के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन प्रदेश में सर्द हवाओं का प्रभाव जारी रहने से सुबह-शाम ठिठुरन बनी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…