Live VNS

जनदर्शन में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं

जनदर्शन में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जांजगीर चांपा/सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 नवंबर (हि. स.)। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने भी आवेदकों से चर्चा कर प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली।

जनदर्शन में नागरिकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की सर्वे सूची में नाम जोड़ने और योजना के तहत भौतिक सत्यापन कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। ग्राम सुवांतल के आश्रित ग्राम महकमपुर में मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय निर्माण कराने की मांग भी रखी गई। ग्राम लोधिया निवासी दीना सिदार ने नवीन राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन दिया, जबकि प्राण चौहान ने दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ दिलाने और जयमती ने आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया। भूमि सीमांकन सहित अन्य विभागीय मामलों से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने और उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, सारंगढ़ एवं बिलाईगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…