Live VNS

अनूपपुर: जल स्रोतों की जानकारी नहीं देने पर कलेक्टर ने 3 जनपद सीईओ को लगाई फटकार, नोटिस जारी

अनूपपुर: जल स्रोतों की जानकारी नहीं देने पर कलेक्टर ने 3 जनपद सीईओ को लगाई फटकार, नोटिस जारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

अनूपपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में जल स्रोतों की जानकारी पांच दिन में उपलब्ध नहीं कराने पर कलेक्टर रत्नाकर झा ने नाराजगी जताते हुए सोमवार की समीक्षा बैठक में पुष्पराजगढ़, जैतहरी और कोतमा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) की लापरवाही पर को फटकार लगाई। साथ ही तीनों सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

ज्ञात हो कि कलेक्टर ने पिछले बुधवार को जिले के सभी जल स्रोतों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए थे। इसमें जिले की 277 ग्राम पंचायतों और 10 नगरीय निकायों के स्टॉपडैम, चेकडैम, नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों में उपलब्ध पानी की स्थिति बतानी थी।

नगरीय क्षेत्रों की स्थायी जल संरचनाओं की जानकारी डूडा कार्यालय और ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों की जानकारी जिला पंचायत कार्यालय को भेजी जानी थी। इसके लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारियों और जनपद पंचायतों के सीईओ को अपने-अपने क्षेत्रों के जल स्रोतों की सूची तैयार करने और जरूरी कदम उठाने को कहा गया था। लेकिन सोमवार की बैठक में तीन जनपद पंचायतों के सीईओ जानकारी प्रस्तुत नहीं कर सके।

समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले की जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार, संरक्षण और सौंदर्यीकरण प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को तालाबों की सफाई कराने, पानी की गुणवत्ता बनाए रखने और उपलब्ध जल का सही उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने छोटी नदियों में बोरी बंधान कर पानी रोकने, स्टॉपडैम के शटर की कड़ी लगाने और तालाबों के पानी को गंदगी से बचाने को कहा। जल स्रोतों में उपलब्ध पानी का इस्तेमाल सिंचाई और गर्मियों में पेयजल की जरूरत पूरी करने के लिए करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…