Live VNS

जयपुर में 12-13 मार्च को होगा कलरफ्यूज़न इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल

जयपुर में 12-13 मार्च को होगा कलरफ्यूज़न इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान को वैश्विक सिनेमा, कला और सांस्कृतिक संवाद के मंच पर विशेष पहचान दिलाने के उद्देश्य से जयपुर में 12 और 13 मार्च 2027 को कलर फ्यूज़न इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। सीने प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव की थीम ‘स्टोरीज बीयॉन्ड बॉर्डर्स’ रखी गई है। इसके माध्यम से विभिन्न देशों की कहानियों, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्तियों को एक मंच पर लाया जाएगा।

फेस्टिवल के पहले संस्करण में अंतरराष्ट्रीय सहभागिता के लिए स्पेन, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील और ग्रीस को आमंत्रित किया गया है। इनमें से दो देशों को आयोजन के अंतरराष्ट्रीय साझेदार के रूप में शामिल किया जाएगा। वहीं, राजस्थान के तीन प्रमुख राजघराने भी महोत्सव का हिस्सा बनेंगे। इससे प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और वैश्विक सिनेमा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

फेस्टिवल के संस्थापक निदेशक तपेश कोटिया ने बताया कि राजस्थान अपनी कला, संस्कृति, वास्तुकला, परंपराओं और कहानियों के लिए दुनियाभर में विशिष्ट पहचान रखता है। कलरफ्यूज़न के माध्यम से राजस्थान को अंतरराष्ट्रीय फिल्म और सांस्कृतिक संवाद के नए मंच के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है। सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों, विचारों और समाजों को जोड़ने की ताकत है। इसी सोच के साथ ‘स्टोरीज बीयॉन्ड बॉर्डर्स’ की परिकल्पना की गई है।

आठ सदस्यीय सलाहकार समिति के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में मनीषा देसाई निदेशक और टीना शर्मा कार्यकारी निदेशक की जिम्मेदारी निभाएंगी। पहले दिन फिल्म एवं मनोरंजन जगत की प्रमुख हस्तियों के साथ दो परिचर्चा सत्र होंगे। इनमें सिनेमा, कहानियों और सांस्कृतिक संवाद से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। शाम को बुद्धिजीवियों तथा कला एवं संस्कृति जगत की हस्तियों के लिए विशेष मिलन समारोह आयोजित होगा। इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सहभोज के जरिए संवाद एवं नेटवर्किंग को बढ़ावा दिया जाएगा।

महोत्सव के दूसरे दिन टॉक शो आयोजित किया जाएगा। इसके बाद निर्णायक मंडल (जूरी) द्वारा चयनित फिल्मों को सम्मानित किया जाएगा। फिल्म महोत्सव में विभिन्न विषयों की फिल्मों को आठ श्रेणियों में विभाजित कर प्रविष्टियां आमंत्रित की जा रही हैं। फिल्म निर्माता फिल्म फ्रीवे मंच के माध्यम से अथवा सीधे अपनी फिल्में भेज सकेंगे। प्रविष्टियों, नियमों और अन्य जानकारियों के लिए आयोजन की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी उपलब्ध होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…