Live VNS

बीएचयू कैंपस में खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायत अब मोबाइल ऐप से होगी, ‘नमस्ते बीएचयू’ ऐप पर शुरू हुआ ‘स्ट्रीट लाइट कंट्रोल’ फीचर

बीएचयू कैंपस में खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायत अब मोबाइल ऐप से होगी, ‘नमस्ते बीएचयू’ ऐप पर शुरू हुआ ‘स्ट्रीट लाइट कंट्रोल’ फीचर

BK Pathak ·

खंभे के नंबर या लोकेशन की तस्वीर भेजकर दर्ज करा सकेंगे शिकायत

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में खराब या बंद स्ट्रीट लाइट की समस्या से अब मोबाइल ऐप के जरिए शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने ‘नमस्ते बीएचयू’ ऐप पर ‘स्ट्रीट लाइट कंट्रोल’ नाम से नया फीचर शुरू किया है। इसके माध्यम से परिसर में स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं की जानकारी सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचाई जा सकेगी।

नए फीचर में शिकायत दर्ज करने के लिए ‘रिपोर्ट’ और शिकायतों की स्थिति जानने के लिए ‘माय कंप्लेंट’ के विकल्प दिए गए हैं। उपयोगकर्ता को शिकायत दर्ज करने के लिए ‘रिपोर्ट’ विकल्प पर टैप करना होगा। इसके बाद संबंधित स्थान पर लगे बिजली के खंभे पर अंकित नंबर की तस्वीर अपलोड करनी होगी। यदि खंभे पर नंबर दर्ज नहीं है तो सड़क की ओर से खंभे की पूरी तस्वीर लेनी होगी।

इसके बाद ऐप में दिए गए मैप स्क्रीन बॉक्स में अधिकतम 300 शब्दों में आसपास की किसी प्रसिद्ध जगह या पते का विवरण दर्ज करना होगा। इससे शिकायत के स्थान की पहचान करने में आसानी होगी। दर्ज शिकायतों की संबंधित विभागों की ओर से नियमित समीक्षा की जाएगी और संबंधित अभियंताओं के माध्यम से उनके जल्द निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।

‘नमस्ते बीएचयू’ ऐप पर हाल ही में गेस्ट हाउस की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी शुरू की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से ऐप के माध्यम से परिसर से जुड़ी सुविधाओं और शिकायतों के निस्तारण को डिजिटल बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…