हरियाणा विधानसभा में पूर्व मंत्री फूलचंद मुलाना और पूर्व विधायक सतविन्द्र सिंह को श्रद्धांजलि

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-24 शहीद सैनिकों को भी सदन ने किया नमन, शोक प्रस्ताव पारित
चंडीगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में गुरुवार को आयोजित एक दिवसीय विशेष सत्र में गत सत्र से अब तक दिवंगत हुए प्रमुख व्यक्तियों, प्रदेश के शहीद सैनिकों तथा सदन के सदस्यों के परिजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान शोक प्रस्ताव पारित कर दिवंगतों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शोक प्रस्ताव पढ़े और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने भी शोक प्रस्ताव पढ़े और शोक संतप्त परिवारों के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक आदित्य देवीलाल ने भी अपने-अपने दलों की ओर से शोक प्रस्ताव पढ़े और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सदन ने हरियाणा के पूर्व मंत्री फूल चंद मुलाना के 20 नवंबर को हुए दु:खद निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। सदन ने हरियाणा विधानसभा के पूर्व सदस्य सतविन्द्र सिंह के 21 नवंबर को हुए दु:खद निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया।
सदन ने प्रदेश के उन 24 वीर सैनिकों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने मातृभूमि की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। इन शहीदों में निरीक्षक सैन प्रकाश, झज्जर; निरीक्षक मनोज कुमार, गांव गोद, जिला महेंद्रगढ़; उप निरीक्षक राजकुमार, गांव कुतानी, जिला झज्जर; उप निरीक्षक विनोद कुमार, गांव भूषण कलां, जिला महेंद्रगढ़; उप निरीक्षक जगदीश चंद्र, गांव सोरखी, जिला हांसी; उप निरीक्षक वेदपाल, गांव मय्यड़, जिला हिसार; सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार, गांव रामबास, जिला महेंद्रगढ़; सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, गांव फरमाना बादशाहपुर, जिला रोहतक; हवलदार सुरेश कुमार, गांव सुन्दरह, जिला महेंद्रगढ़; हवलदार मंदीप कुमार, गांव गुमड़, जिला सोनीपत; हवलदार संदीप कुमार, गांव शेखपुरा, जिला सोनीपत; हवलदार विकास देशवाल, गांव मतलौडा, जिला पानीपत; हवलदार रणदीप सिंह, गांव मानहेरु, जिला भिवानी; हवलदार नरेश कुमार, गांव शादीपुर, जिला जींद; हवलदार अमित कुमार, गांव सिहोर, जिला महेंद्रगढ़; हवलदार वेदप्रकाश, गांव कंवाली, जिला रेवाड़ी; नायक शेर सिंह, गांव बुढऩपुर बांगर, जिला करनाल; नायक बलजिंद्र सिंह, गांव किरमारा, जिला हिसार; लांस नायक कृष्ण, गांव नंदगढ़, जिला जींद; लांस नायक सुखचैन सिंह, गांव कुत्ताबड, जिला सिरसा; सिपाही विकास कुमार, गांव ढाणी किरावड़, जिला भिवानी; सिपाही परवीन कुमार, गांव सीहा, जिला पलवल; सिपाही दिनेश वशिष्ठ, गांव हीरापुर, जिला फरीदाबाद तथा सिपाही सोमबीर सिंह, गांव अहरी, जिला झज्जर शामिल हैं। सदन ने दिवंगतों के शोक संतप्त परिवारों के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की तथा परमात्मा से उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा