Live VNS

कांग्रेस एक दिसंबर को शाहबाद शुगर मिल के बाहर देगी धरना

कांग्रेस एक दिसंबर को शाहबाद शुगर मिल के बाहर देगी धरना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

चंडीगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में विपक्षी दल कांग्रेस ने एक दिसंबर को शाहबाद शुगर मिल के बाहर धरना देने का ऐलान किया है। यह फैसला बुधवार की शाम चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में लिया गया। इस बैठक में कांग्रेस के करीब 29 विधायकों के अलावा नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तथा प्रभारी संजय दत्त मौजूद रहे। हुड्डा के आवास पर हुई इस बैठक में कांग्रेस निष्कासित पांच विधायकों के अलावा शकुंतला खटक, विनेश फोगाट, राजबीर फरटिया निजी कारणों के चलते नहीं आए।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाते हुए कहा कि आज गन्ना उत्पादक किसानों की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। गन्ना उत्पादक किसान लगातार उनसे मिल रहे हैं जिसके चलते एक दिसंबर को शाहबाद में मिल के बाहर धरना दिया जाएगा।

हुड्डा ने यूसीसी के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि अभी तक सरकार की तरफ से विपक्ष से इस संबंध में कोई बात नहीं की गई। यूसीसी को लागू करने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई जानी चाहिए। पंजाब में अकाली-भाजपा गठबंधन पर हुड्डा ने कहा कि इससे कांग्रेस को फायदा होगा। उन्होंने दावा किया पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।

26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर होने वाले सत्र के संबंध में हुड्डा ने कहा कि इस सत्र में केवल संविधान से संबंधित बात होगी, जिसमें सभी विधायक भाग लेंगे।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पंचकूला के सेक्टर 26 में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रदेश भर से पार्टी के नेता व कार्यकर्ता पंचकूला में पहुंचेंगे।

-----------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…