संविधान दिवस पर रक्षा मार्च कर सडक़ों पर उतरी कांग्रेस

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
पंचकूला में कांग्रेस ने संविधान की रक्षा का लिया सामूहिक संकल्प
पार्टी प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष रहे मौजूद
चंडीगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पंचकूला में संविधान रक्षा मार्च का आयोजन करके केंद्र व राज्य सरकार को घेरा। कार्यक्रम के दौरान भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने की सामूहिक शपथ ली।
इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि आज देश एक ऐसे निर्णायक दौर से गुजर रहा है, जहां संविधान और लोकतंत्र की रक्षा केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश के भविष्य और नागरिकों के अधिकारों का सवाल बन गया है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, सम्मान, समानता और न्याय की गारंटी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति उसके रवैये से जनता में भारी नाराजगी है। हरियाणा कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के इस संघर्ष में पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ खड़ा है।
कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि संविधान पर किसी भी प्रकार का हमला देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के अधिकारों पर सीधा हमला है।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव सहित देशभर में मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठे गंभीर सवालों का जवाब देना सरकार और चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी जनता के वोट की ताकत को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस मौके पर पूर्व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह, धर्मपाल मालिक, अशोक तंवर, उदय भान, सांसद जयप्रकाश, कर्मवीर बोध, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी समेत कई नेता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा