Live VNS

उत्तराखंड चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस

उत्तराखंड चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

देहरादून, 22 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की। बैठक में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज करने की रणनीति बनाई गई।

अपने छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे के समापन पर आयोजित इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने, पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को जनता के बीच उठाने पर जोर दिया गया।

बैठक में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों और मजदूरों की समस्याओं, पलायन तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा प्रदेश की परिसंपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का मुद्दा भी उठा। इन विषयों को लेकर प्रदेशभर में जनसंवाद, जनजागरण, हस्ताक्षर अभियान और आंदोलनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी।

कुमारी सैलजा ने वरिष्ठ नेताओं से प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और जमीनी स्तर पर संगठन की गतिविधियों का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता और आपसी समन्वय के साथ संचालित किया जाना चाहिए। संगठन के सभी स्तरों पर एकजुटता, सक्रियता और जवाबदेही के साथ काम करने तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

बैठक में नेताओं ने एकजुट होकर भाजपा सरकार की विफलताओं को जनता के बीच ले जाने और प्रदेश के हितों, जनता के अधिकारों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष को व्यापक बनाने पर सहमति जताई।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा एवं गुरदीप सिंह सप्पल, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी मौजूद रहे।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…