कांग्रेस ने मनाई प्रधानमंत्री स्व.इंदिरा गांधी की जयंती, उनके राष्ट्रसेवा को किया नमन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जगदलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर आज गुरूवार काे संभाग मुख्यालय राजीव भवन, जगदलपुर में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा जयंती कार्यक्रम सादगीपूर्ण ढंग से आयोजित किया गया।
इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य सहित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्व.इंदिरा गांधी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण, साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने स्व. इंदिरा गांधी के जीवन, राजनीतिक संघर्ष, नेतृत्व क्षमता एवं देश के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इंदिरा गांधी भारतीय राजनीति की ऐसी महान व्यक्तित्व थीं,जिन्होंने अपने दृढ़ संकल्प, साहस और दूरदर्शी नेतृत्व से देश को एक नई दिशा प्रदान की। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, जनसेवा और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए देश के हित में साहसिक निर्णय लिए और भारत को वैश्विक स्तर पर एक सशक्त पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को देश के प्रति जिम्मेदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्व.इंदिरा गांधी के आदर्शों, विचारों एवं जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को आत्मसात करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। साथ ही उनके राष्ट्रनिर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी हनुमान द्विवेदी,भुवन झा, रविशंकर तिवारी,विजेन्द्र ठाकुर,मोहसिन खान, सलीम अली,शहर जिला कांग्रेस के समस्त पदाधिकारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे