कांग्रेस की 07 सदस्यीय टीम बैलाडीला खनन अपशिष्ट पहाड़ कैसे खिसका इसकी करेगी जांच

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
दंतेवाडा, 23 नवंबर (हि.स.)। बैलाडीला में खनन अपशिष्ट (माइनिंग वेस्ट) का पहाड़ खिसकने के मामले काे लेकर पर्यावरण से जुड़ा खतरा बताकर कांग्रेस ने इसे मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस की एक 07 सदस्यीय टीम बैलाडीला में खनन अपशिष्ट का पहाड़ कैसे खिसका इसकी जांच करने जाएगी।
कांग्रेस का कहना है, ''वहां पर हजारों पेड़ पौधे और प्राकृतिक जलधाराओं से स्रोत हैं, पहाड़ के खिसकने से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने विधायक लखेश्वर बघेल को जांच समिति का संयोजक बनाया है। समिति में विधायक विक्रम मंडावी, देवती कर्मा, रेखचंद जैन, शकील रिजवी, लालू राठौर और अवधेश गौतम को सदस्य बनाया गया है। सात सदस्यीय टीम प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।
कांग्रेस का कहना है कि मलबे का बना पहाड़ खिसककर लोहागांव पहुंच मार्ग तक आ गया है, जिसकी वजह से रास्ता बंद हो गया है। कांग्रेस की जांच टीम जल्द ही प्रभावित इलाके में पहुंचेगी और अपनी रिपोर्ट लोगों से बातचीत के बाद तैयार करेगी। कांग्रेस ने इस घटना को केवल पहाड़ी से मलबा खिसकने की सामान्य घटना नहीं बताया है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा गंभीर विषय माना है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जांच समिति के सदस्यों से आग्रह किया है कि वे अविलंब प्रभावित क्षेत्र का दौरा करें। इस दौरान एनएमडीसी प्रबंधन के अधिकारियों और स्थानीय ग्रामवासियों से मुलाकात कर घटना के कारणों, मौजूदा हालात और संभावित नुकसान की जानकारी जुटाई जाएगी। समिति को मौके पर पहुंचकर यह भी समझने के निर्देश दिए गए हैं कि खनन अपशिष्ट का इतना बड़ा हिस्सा किन परिस्थिति में खिसका और इससे आस-पास के प्राकृतिक संसाधनों पर कितना प्रभाव पड़ा। समिति प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं, आवागमन में आई बाधा और प्राकृतिक जल स्रोतों पर पड़े संभावित प्रभाव की जानकारी भी जुटाएगी। इसके बाद जांच रिपोर्ट को समिति के सदस्य अपने नेता को सौंपेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे