Live VNS

सीवर, सड़क और पेयजल संकट पर कांग्रेस का आंदोलन, तीन विधानसभा क्षेत्रों में निकलेगी ‘काशी न्याय यात्रा’

सीवर, सड़क और पेयजल संकट पर कांग्रेस का आंदोलन, तीन विधानसभा क्षेत्रों में निकलेगी ‘काशी न्याय यात्रा’

लाइव VNS डेस्क ·

वाराणसी। काशी की बदहाल बुनियादी सुविधाओं और आम जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस महानगर कमेटी ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत शहर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में ‘काशी न्याय यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से सीवर, पेयजल संकट, खराब सड़कें, जलभराव और अन्य नागरिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही एसआईआर (SIR) के नाम पर मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जाने की शिकायतों को भी जनता के बीच ले जाने की रणनीति बनाई गई है।

इस संबंध में महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में उत्तरी विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण बैठक खजुरी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की। बैठक में काशी के सभी 100 वार्डों में व्याप्त मूलभूत समस्याओं पर चर्चा करते हुए प्रस्तावित यात्रा की रूपरेखा तैयार की गई। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर राघवेंद्र चौबे ने कहा कि काशी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है और यहां लंबे समय से भाजपा का राजनीतिक वर्चस्व रहा है। वर्ष 1989 से लगातार भाजपा के सांसद, महापौर, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि सत्ता में रहे हैं। केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद शहर के लोग आज भी सीवर जाम, पेयजल संकट, जर्जर सड़कों और जलभराव जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। सवाल है कि इतने वर्षों के शासन के बाद भी इन समस्याओं का स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पाया?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर चुप नहीं बैठेगी। ‘काशी न्याय यात्रा’ के माध्यम से शहर के सभी 100 वार्डों में पहुंचकर नागरिकों की परेशानियों को सुना और दर्ज किया जाएगा। इसके बाद संबंधित अधिकारियों और शासन-प्रशासन के सामने इन मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि यह यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आम जनता की पीड़ा, अधिकार और न्याय की आवाज बनेगी। वाराणसी की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से यात्रा निकालकर बुनियादी सुविधाओं की बदहाली और मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। बैठक में सतनाम सिंह, मयंक चौबे, हसन मेहदी कंब्बन, पीयूष श्रीवास्तव, संतोष चौरसिया, सुफियान अहमद, प्रवीण सिंह, रोहित दुबे, हिमांशु सिंह, रोहित मौर्य, शाश्वत चौबे, सुशील पांडेय, मृत्युंजय सोनकर, रविशंकर श्रीवास्तव, साबिर, शोएब और जावेद वारसी सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…