कैथल: ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत जुटे कांग्रेस के दिग्गज नेता

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कैथल, 17 नवंबर (हि.स.)। पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के गांव ढांड में मंगलवार को कांग्रेस के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ चौपाल अभियान के तहत आयोजित जनसभा में पार्टी ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर राजनीतिक हमला बोला। गांव की गुर्जर चौपाल में आयोजित सभा में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। नेताओं ने जहां चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया, वहीं किसानों, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढांड की अध्यक्षता में हुई इस जनसभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण पहुंचे।
प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है। इसे सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों के लिए चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने और विपक्षी विचारधारा के मतदाताओं के वोट कटवाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग से निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश में लोकतंत्र के सामने वोट चोरी एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में गड़बड़ी, फर्जी मतदान और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के माध्यम से जनता के अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांव-गांव जाकर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करेगी। कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भाजपा के चुनावी वादों को निशाने पर लेते हुए कहा कि 2014 में किसानों की आय दोगुनी करने, हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने और प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये जमा करवाने जैसे वादे किए गए थे, लेकिन 12 साल बाद भी जनता इन वादों के पूरे होने का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की लागत बढ़ रही है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और महंगाई ने आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासन में किसान, मजदूर और युवा वर्ग सबसे अधिक परेशान है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढांड ने कहा कि कांग्रेस इस अभियान को जिला स्तर पर बूथ और गांव तक लेकर जाएगी। मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग भी की। जनसभा में सुरेश रोड, रामचन्द्र जड़ौला, दर्शन खनौदा, सुरेन्द्र रांझा, पीएल भारद्वाज, मास्टर मेहर सिंह,कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे