Live VNS

भीलवाड़ा में कांग्रेस का कब्जा, 17 वोटों से जिला प्रमुख की कुर्सी जीती

भीलवाड़ा में कांग्रेस का कब्जा, 17 वोटों से जिला प्रमुख की कुर्सी जीती

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भीलवाड़ा, 25 नवंबर (हि.स.)। भीलवाड़ा में जिला प्रमुख चुनाव का परिणाम राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। पंचायत आम चुनाव-2026 के तहत बुधवार को हुए जिला प्रमुख के निर्वाचन में कांग्रेस ने भाजपा को करारी शिकस्त देते हुए जिला परिषद की कमान अपने हाथ में ले ली। कांग्रेस के कैलाशचंद्र मीणा ने भाजपा के सुखालाल गुर्जर को 17 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की। परिणाम सामने आते ही कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल बन गया। मीणा के गृह क्षेत्र कास्या और बिजौलियां में समर्थकों ने आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया।

इस चुनाव की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि कांग्रेस के भीतर प्रत्याशी चयन को लेकर लंबी खींचतान के बावजूद अंतिम परिणाम में पार्टी के सदस्यों ने एकजुटता दिखाई।

जिला परिषद के सभी 45 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कांग्रेस प्रत्याशी कैलाशचंद्र मीणा को 31 मत मिले, जबकि भाजपा के सुखालाल गुर्जर के खाते में 14 मत आए। इस तरह मीणा ने 17 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

जिला प्रमुख चुनाव से पहले कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने सदस्यों को एकजुट रखने की थी। प्रत्याशी के नाम पर सहमति बनाने के लिए पार्टी में लंबा मंथन चला था। आखिरकार नामांकन के दिन अलसुबह कैलाश मीणा के नाम पर सहमति बनी। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर और देहात जिलाध्यक्ष रामलाल जाट सहित पार्टी के नेताओं ने उनके नाम पर सहमति जताई थी।

चुनाव परिणाम ने कांग्रेस के लिए राहत और भाजपा के लिए राजनीतिक समीक्षा की स्थिति पैदा कर दी। सभी 45 सदस्यों के मतदान करने के बाद घोषित नतीजों में कांग्रेस को 31 और भाजपा को 14 मत मिले। चुनाव से पहले सदस्यों के पाला बदलने और क्रॉस वोटिंग को लेकर जो चर्चाएं थीं, परिणाम के आधिकारिक आंकड़ों ने उन पर विराम लगा दिया।

जिला प्रमुख पद के लिए मतदान बुधवार दोपहर ठीक तीन बजे शुरू हुआ। इससे पहले ही जिला कलेक्ट्रेट परिसर में दोनों प्रमुख दलों के समर्थकों और पदाधिकारियों की आवाजाही से माहौल गर्मा गया था। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस अधिकारी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं को परिसर से बाहर करते नजर आए।

कलेक्ट्रेट के चैनल गेट पर प्रवेश को लेकर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर बिना अनुमति अंदर जाने की कोशिश करने के आरोप लगाते रहे। इसी दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष के परिसर में प्रवेश पर आपत्ति जताई और उन्हें बाहर निकालने की मांग की। इस घटनाक्रम के चलते कुछ देर तक कलेक्ट्रेट परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई और बाद में मतगणना के साथ ही परिणाम घोषित कर दिया गया।

चुनाव से पहले कांग्रेस में प्रत्याशी चयन को लेकर चली चर्चाओं पर देहात जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी एक थी और आज भी एक है। पार्टी में मनमुटाव होना सामान्य बात है, लेकिन नेताओं के बीच बातचीत कभी बंद नहीं हुई। जाट ने कहा कि धीरज गुर्जर राष्ट्रीय सचिव के रूप में कई राज्यों में पार्टी की रीति-नीति का काम देखते हैं। उन्होंने कहा कि घर में भी मनमुटाव होता है, ऐसा किस पार्टी में नहीं होता।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने कैलाश मीणा को प्रत्याशी बनाए जाने के पीछे सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने बताया कि जिला परिषद के सभी कांग्रेस सदस्यों को बैठाकर चर्चा की गई थी। सभी की सहमति के बाद कैलाशचंद्र मीणा के नाम पर मुहर लगाई गई। जिला कांग्रेस कमेटी और पार्टी के नेताओं की सहमति से ही उन्हें अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया।

जीत के बाद कैलाशचंद्र मीणा, रामलाल जाट और धीरज गुर्जर ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि जिला परिषद के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने और आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।

जिला प्रमुख का चुनाव संपन्न होने के बाद अब जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद के निर्वाचन की बारी है। गुरुवार, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित होगी। जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद अब सभी की निगाहें उप जिला प्रमुख के निर्वाचन और जिला परिषद में आगे बनने वाले राजनीतिक समीकरणों पर टिक गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…