संविधान दिवस पर कांग्रेसजनों ने डॉ. अंबेडकर को किया नमन, राजीव भवन में किया माल्यार्पण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
धमतरी, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित कर भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुई। उपस्थित कांग्रेसजनों ने संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, समानता और बंधुत्व की भावना की रक्षा करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान करता है। बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। वर्तमान समय में संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, जिला महामंत्री विक्रांत शर्मा, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, मजदूर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष कन्हैया सोनी, पार्षद प्रतिनिधि भागी ध्रुव, पूर्व पार्षद अवैश हाशमी, देवेंद्र देवांगन, आशुतोष खरे, नवीन गजेंद्र, मोहन ध्रुव, संकेत गुप्ता, अयान हाशमी, सूरज पासवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा