Live VNS

जांजगीर-चांपा के अमृत सरोवरों में मनाया गया संविधान दिवस

जांजगीर-चांपा के अमृत सरोवरों में मनाया गया संविधान दिवस

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नागरिकों और विद्यार्थियों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प

जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर (हि. स.)। संविधान दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के विभिन्न अमृत सरोवर स्थलों पर गुरुवार को जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में नागरिकों, विद्यार्थियों, श्रमिकों और स्व-सहायता समूहों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर लोकतांत्रिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के साथ जल संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के तहत जिला पंचायत सभाकक्ष में सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

ग्राम पंचायत पचेड़ा के अमृत सरोवर स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय पचेड़ा के विद्यार्थियों ने मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने बताया कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के साथ प्रत्येक नागरिक की कुछ जिम्मेदारियां भी हैं, जिनका पालन करना आवश्यक है।

इसी तरह ग्राम पंचायत चारपारा के अमृत सरोवर परिसर में भी संविधान दिवस मनाया गया। यहां संविधान की प्रस्तावना का वाचन, स्वच्छता शपथ और मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। साथ ही तालाब परिसर में स्वच्छता गतिविधियां संचालित कर ग्रामीणों को जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारी हृदय शंकर, सरपंच मानीबाई, सचिव घासीराम पटेल, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

जिले के विभिन्न अमृत सरोवरों में आयोजित कार्यक्रमों में युवा, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी, विकसित भारत-जी राम जी योजना के श्रमिक, स्व-सहायता समूह और आजीविका दीदियां भी शामिल हुईं। कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन, पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों की स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…