Live VNS

संविधान भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर : डॉ. संजीव गुप्ता

संविधान भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर : डॉ. संजीव गुप्ता

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कानपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव होने के साथ ही हमारी अमूल्य राष्ट्रीय धरोहर है। प्रत्येक नागरिक को इसका अध्ययन करने के साथ ही इसके सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। संविधान का पालन करना और उसकी रक्षा करना ही बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति सच्चा सम्मान होगा। यह बातें गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए)के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कहीं।

उन्होंने विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, वैज्ञानिकों और छात्र-छात्राओं को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माण में योगदान देने वाले बाबा साहेब और संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया।

कुलपति ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने देश को ऐसी व्यवस्था सौंपी, जो लोकतंत्र को मजबूती देने के साथ विकास की दिशा भी तय करती है। आज विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में संविधान के आदर्श मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहे हैं।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि भारतीय संविधान सभी के लिए पवित्र ग्रंथ के समान है। इसमें बताए गए नियमों और व्यवस्थाओं का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जब देश का हर व्यक्ति संवैधानिक मूल्यों को समझेगा और उनका अनुसरण करेगा, तभी लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने लोगों से संविधान को पढ़ने, उसके अधिकारों एवं कर्तव्यों को जानने और उसकी गरिमा बनाए रखने की अपील की।

कुलपति ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान सभा ने दुनिया के विभिन्न देशों की संवैधानिक व्यवस्थाओं का अध्ययन किया। इसके बाद भारतीय परिस्थितियों और जरूरतों के अनुरूप एक व्यापक संविधान तैयार किया गया। यह संविधान देश की एकता, लोकतांत्रिक परंपराओं और नागरिक अधिकारों का आधार है। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उसके अनुरूप आचरण करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…