Live VNS

संविधान को साक्षी मानकर शादी, न पंडित बुलाया न लिए सात फेरे

संविधान को साक्षी मानकर शादी, न पंडित बुलाया न लिए सात फेरे

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

शिमला, 26 नवंबर (हि.स.)। देशभर में आज संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में हुई एक अनोखी शादी ने संविधान के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया है। यहां एक दूल्हा-दुल्हन ने न पंडित बुलाया, न मंत्रोच्चार हुआ और न ही पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अग्नि के चारों ओर सात फेरे लिए। दोनों ने भारत के संविधान को साक्षी मानकर एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की शपथ ली। इस विवाह में समानता, सम्मान, स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय जैसे संवैधानिक मूल्यों को केंद्र में रखा गया।

यह विवाह सिरमौर जिले की कमराऊ तहसील के धर्मा गांव में 22 नवंबर को हुआ। धर्मा गांव के रहने वाले सुरेंद्र सिंह धर्मा ने शिमला जिले की कुपवी तहसील के टांडाई गांव की हेमलता के साथ विवाह किया। इस समारोह का आयोजन नवगठित समता विवाह समिति (एसवीएस हिमाचल प्रदेश) के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों पर आधारित पद्धति से किया गया। समिति के अध्यक्ष अर्जुन रांटा ने विवाह संपन्न करवाने वाले अधिकृत व्यक्ति की भूमिका निभाई।

शादी में दूल्हा-दुल्हन पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और परिचित भी समारोह में शामिल हुए। माहौल में पारंपरिक विवाह जैसी खुशियां और उत्साह था, लेकिन विवाह की प्रक्रिया सामान्य शादियों से अलग रही। यहां न पुरोहित ने मंत्र पढ़े और न ही अग्नि के चारों ओर फेरे करवाए गए। समारोह स्थल पर गौतम बुद्ध, संत कबीर, गुरु रविदास, ज्योतिबा फुले, पेरियार, डॉ. भीमराव आंबेडकर, कांशीराम और भगत सिंह के चित्र लगाए गए थे। ये सभी सामाजिक समानता और सुधार के विचारों के लिए जाने जाते हैं।

विवाह की शुरुआत भारत के संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ से हुई। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन ने संविधान पर हाथ रखकर एक-दूसरे के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और साथ निभाने की शपथ ली। इस दौरान दुल्हन को पहले शपथ लेने का अवसर दिया गया। इसे विवाह में महिला और पुरुष की समानता के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया। नए घर में प्रवेश करने से पहले नवदंपती ने संविधान की प्रस्तावना के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया।

विवाह की औपचारिकता के तहत दूल्हा और दुल्हन के परिवारों से दो-दो गवाहों ने विवाह घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किए। इस दस्तावेज पर समिति की आधिकारिक मुहर और पदाधिकारियों के हस्ताक्षर भी किए गए। इसकी प्रतियां दंपती को आगे की औपचारिकताओं के लिए सौंप दी गईं।

कानूनी मान्यता के लिए जरूरी हैं निर्धारित औपचारिकताएं

इस विवाह के संदर्भ में कानूनी स्थिति को समझना भी जरूरी है। भारतीय कानून में 'संवैधानिक विवाह' नाम से विवाह की कोई अलग कानूनी श्रेणी नहीं है। संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 21 समानता, भेदभाव से संरक्षण, स्वतंत्रता और गरिमा के अधिकारों की गारंटी देते हैं। हालांकि, किसी विवाह की कानूनी वैधता संबंधित विवाह कानूनों के तहत निर्धारित शर्तों और प्रक्रियाओं के पालन पर निर्भर करती है। समता विवाह समिति की ओर से कराई गई शपथ और विवाह घोषणा अपने आप में सरकारी विवाह पंजीकरण का विकल्प नहीं है।

शिलाई के जोड़ीदारा विवाह से अलग है यह परंपरा

सिरमौर में इस विवाह की चर्चा के बीच जुलाई 2025 में शिलाई क्षेत्र में हुई एक अन्य अनोखी शादी का उदाहरण भी सामने आता है। उस समय सुनीता चौहान ने हाटी समुदाय की जोड़ीदारा या जजड़ा प्रथा के तहत दो भाइयों से विवाह किया था। हालांकि, दोनों विवाहों की प्रकृति अलग है। शिलाई में हुआ विवाह हाटी समुदाय की पारंपरिक प्रथा पर आधारित था, जबकि धर्मा गांव में हुए विवाह में संविधान के मूल्यों, महिला-पुरुष समानता, गरिमा और आपसी सम्मान को प्रमुखता दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…