सामाजिक न्याय मंत्रालय ने प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ मनाया 'संविधान दिवस'

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने गुरुवार को संविधान दिवस मनाया। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। अधिकारियों ने संवैधानिक सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराया।
मंत्रालय के अनुसार कार्यक्रम का नेतृत्व मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने किया। उनके साथ बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर प्रस्तावना का पाठ किया। उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
मंत्रालय के मुताबिक, प्रस्तावना के सिद्धांत उसके कार्यक्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। सामाजिक न्याय को बढ़ावा देना और मानवीय गरिमा की रक्षा करना मंत्रालय के प्रमुख दायित्व हैं। इसके अलावा समान अवसर उपलब्ध कराना और वंचित एवं कमजोर वर्गों को सशक्त बनाना भी इसके मुख्य लक्ष्य हैं।
मंत्रालय विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और नीतियों के जरिए सामाजिक-आर्थिक बाधाओं को दूर कर रहा है। इसका उद्देश्य देश के विकास में सभी वर्गों की समान भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस आयोजन ने समावेशी शासन और जनकेंद्रित सेवाओं के प्रति मंत्रालय के संकल्प को और मजबूत किया है। इसके जरिए मंत्रालय एक न्यायपूर्ण और सशक्त 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य में योगदान दे रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी