Live VNS

प्रधानमंत्री मोदी ने संविधान दिवस पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने संविधान दिवस पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उनकी ओर से साझा एक संस्कृत सुभाषितम् में इस बात को रेखांकित किया गया है कि विद्वानों द्वारा गहन विचार-विमर्श के बाद बनाई गई नीतियां और सिद्धांत चिरस्थायी होते हैं।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, इस पावन अवसर पर संविधान के शिल्पकार बाबासाहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर एवं संविधान सभा की समस्त महान विभूतियों को मेरा नमन एवं वंदन। यह दिन हमारे संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि देने और इसमें निहित मूल्यों को मजबूत करने के संकल्प को दोहराने का अवसर है। संविधान निर्माताओं द्वारा दिया गया यह ग्रंथ भारतीय लोकतंत्र की एक अमूल्य विरासत है। संविधान के आदर्श और मूल्य 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने में राष्ट्र का निरंतर मार्गदर्शन करते रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत सुभाषितम भी साझा किया, बहुधा बहुभिः सार्धं चिन्तिताः सुनिरूपताः। कथञ्चिन्न विलियन्ते विद्वद्भिश्चिन्तिता नयाः॥ जिसका भावार्थ है कि विद्वानों द्वारा अनेक लोगों के साथ मिलकर भली-भाँति विचार और विवेचन कर निर्धारित की गई नीतियाँ किसी भी परिस्थिति में नष्ट नहीं होतीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…