Live VNS

अनूपपुर: वन विभाग की दीवार पर अटका फ्लाई ओवर ब्रिज के सर्विस रोड का निर्माण, नहीं मिली हटाने की अनुमति

अनूपपुर: वन विभाग की दीवार पर अटका फ्लाई ओवर ब्रिज के सर्विस रोड का निर्माण, नहीं मिली हटाने की अनुमति

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

अनूपपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यारलय दो भागों में विभक्त व रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए 8 वर्षो से निर्माणाधीन फ्लाईओवर समय सीमा पूर्ण होने के बाद भी पूर्ण नहीं हो सका। करीब 12 करोड़ रुपए की लागत और 18 माह की समयसीमा के साथ स्वीकृत इस परियोजना की लागत बढ़कर लगभग 20 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इसके बावजूद निर्माण कार्य अधूरा है।

पूर्व में दिसंबर तक इसे पूर्ण करने के निर्देश ठेकेदार को सांसद हिमाद्री सिंह के साथ ही प्रशासन के द्वारा दिए गए थे वहीं अब इसका निर्माण कार्य नए वर्ष में ही पूर्ण होने की बात कही जा रही है। वर्तमान में जिला चिकित्सालय की ओर रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य जारी है। इस हिस्से में प्रस्तावित 118 मीटर रिटेनिंग वॉल में से करीब 60मीटर का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वहीं कोतवाली तिराहे की ओर 130 मीटर रिटेनिंग वॉल बनाई जानी है, जिसमें अब तक लगभग 70 मीटर का निर्माण हुआ है। शेष हिस्से में निर्माण कार्य एसडीओ वन के बंगले की बाउंड्रीवॉल के कारण अटका हुआ है।

पत्राचार में उलझा वन विभाग से अनुमति का मामला

वन विभाग के एसडीओ आवास की करीब 30 मीटर लंबी बाउंड्रीवॉल प्रस्तावित रिटेनिंग वॉल और सर्विस रोड के निर्माण में बाधा बन रही है। इसे हटाने के लिए पुल विकास निगम द्वारा कई महीने पहले वन विभाग को पत्र लिखकर अनुमति मांगी गई थी, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिल सकी है। इसके चलते संबंधित हिस्से में निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

तीन किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाने को मजबूर नागरिक

फ्लाईओवर निर्माण में हो रही देरी का खामियाजा नगरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। रेलवे फाटक पर जाम से बचने के लिए लोगों को कई वर्षों से अंडरब्रिज मार्ग का उपयोग करना पड़ रहा है। नगर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से में जाने के लिए करीब तीन किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। इसका असर आम नागरिकों के साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। जिला चिकित्सालय, न्यायालय, तहसील, विद्यालय और महाविद्यालय आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। लगातार बढ़ती समयसीमा के बीच अब मार्च तक निर्माण पूरा होने के लक्ष्य पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

पुल विकास निगम के उपयंत्री जीके चतुर्वेदी ने सोमवार को बताया कि वन विभाग के एसडीओ बंगले की दीवार हटाने के संबंध में विभाग से पत्राचार किया गया है, लेकिन अभी तक अनुमति प्राप्त नहीं हुई है। अनुमति मिलने के बाद संबंधित हिस्से में निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…