Live VNS

नूंह: आधुनिक भारत के निर्माण में नेहरू का योगदान ऐतिहासिक: शहीदा खान

नूंह: आधुनिक भारत के निर्माण में नेहरू का योगदान ऐतिहासिक: शहीदा खान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नूंह, 14 नवंबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कार्यालय नूंह में शनिवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर पुष्पमाला अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और आजादी के बाद राष्ट्र निर्माण में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को याद किया।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शहीदा खान ने अपने साथियों के साथ पंडित जवाहरलाल नेहरू को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में भारत को विकास, शिक्षा, विज्ञान और आधुनिकता की दिशा में आगे बढ़ाने का काम किया। शहीदा खान ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश में मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था की स्थापना और आधुनिक भारत की नींव रखने में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनके दूरदर्शी विचारों और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण ने देश को नई दिशा प्रदान की। उनका जीवन, संघर्ष और विचार आज भी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू का योगदान भारतीय इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। उनके आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेकर देश की एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास के लिए निरंतर कार्य करने की आवश्यकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…