Live VNS

रामनगर थाना कांड में आठ नामजद अभियुक्तों को न्यायालय ने सुनाई सजा

रामनगर थाना कांड में आठ नामजद अभियुक्तों को न्यायालय ने सुनाई सजा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

पश्चिम चम्पारण(बगहा), 25 नवंबर (हि.स. )। पुलिस जिला बगहा के रामनगर थाना क्षेत्र में वर्ष 2013 में दर्ज मारपीट, लूटपाट एवं आगजनी से जुड़े एक मामले में न्यायालय ने आठ नामजद अभियुक्तों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ, पश्चिम चंपारण बगहा की अदालत ने 25 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया है।

मामला रामनगर थाना कांड संख्या 158/13, दिनांक 2 जुलाई 2013 से संबंधित है। इसमें भुवनेश्वर चौक निवासी श्याम लाल साह, गोपी लाल, सुरेश पटेल, मुकेश पटेल, भूप पटेल, विकास पटेल, रवि पंडित एवं संतोष साह को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। इनके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी ने गहन अनुसंधान किया। इस दौरान वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का संकलन करते हुए न्यायालय में अंतिम आरोप पत्र समर्पित किया गया। इसके बाद न्यायालय में आरोप गठन एवं सुनवाई की प्रक्रिया पूरी हुई।

न्यायालय ने सभी आठ अभियुक्तों को भारतीय दंड संहिता की धारा 323 के तहत एक-एक हजार रुपया, धारा 341 के तहत पांच-पांच सौ रुपया तथा धारा 427 के तहत पांच-पांच सौ रुपया का अर्थदंड लगाया। अर्थदंड का भुगतान नहीं करने पर प्रत्येक अभियुक्त को तीन-तीन माह के कारावास की सजा भुगतनी होगी।

अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक मनु राव ने प्रभावी भूमिका निभाई। पुलिस द्वारा प्रस्तुत साक्ष्य एवं समर्पित आरोप पत्र के आधार पर आए इस फैसले को मामले में न्यायिक प्रक्रिया की महत्वपूर्ण परिणति माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…