Live VNS

प्रधानमंत्री मोदी ने काशी-तमिल संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया: राधाकृष्णन

प्रधानमंत्री मोदी ने काशी-तमिल संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया: राधाकृष्णन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

वाराणसी, 28 नवंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि हमारी भाषाएं, पूजा प्रणाली और संस्कृति अनेक हो सकती हैं, लेकिन हमारा चिंतन, सभ्यता और राष्ट्रभाव एक है। आसेतु हिमाचलम्, गंगा से कावेरी और गुजरात से अरुणाचल तक हमारा लक्ष्य 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' है। हमें अपनी मां, मातृभाषा और धर्म के साथ-साथ हर भाषा को स्नेह से देखना चाहिए।

उपराष्ट्रपति शनिवार को यहां नमोघाट पर काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने काशी-तमिल संस्कृति को अंतराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है। तमिल भाषियों के मन में काशी के लिए एक विशिष्ट दूरगामी दृष्टि है, वो आज वो सपना साकार हुआ है। इस संस्करण की विशेषता है कि यह तिरुक्कुरल और तिरुवल्लुवर को प्रधानता दे रहा है। तमिल भाषा, तमिल संस्कृति केवल तमिलनाडु का धन नहीं बल्कि भारत का गौरव है। इस बात को प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया। इस बात को हमें कभी भूलना नहीं चाहिए। समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने तमिल महाकवि सुब्रमण्यम भारती का जिक्र कर कहा कि महाकवि ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय काशी में बिताया था। महाकवि ने अपने गीत में काशी के विद्वानों की वाणी को कांची में सुनने के लिए एक उपकरण बनाने की कल्पना की थी। उनकी यह दूरदर्शी सोच आज तकनीक के माध्यम से साकार होती दिखाई दे रही है। काशी और तमिलनाडु के बीच ज्ञान, भाषा और संस्कृति के गहरे संबंधों का अद्भुत उदाहरण है।

उन्होंने काशी को दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी बताते हुए कहा कि तमिल भाषियों के हृदय में काशी का हमेशा से विशिष्ट स्थान रहा है। हर तमिलवासी के मन में दो विशेष इच्छाएं रहती हैं। पहली, काशी के आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव करना और दूसरी, बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना। करीब 400 वर्ष पहले तमिलनाडु से आकर काशी में बसे लोगों ने इस सांस्कृतिक रिश्ते को और मजबूत किया। तमिलनाडु से आए बुनकरों ने भी यहां अपनी कला और हुनर से विशेष पहचान बनाई तथा अपने उत्पादों का निर्यात किया।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले नई दिल्ली के भारत मंडपम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान उन्हें तिरुक्कुरल की रूसी अनुवादित पुस्तक भेंट की थी। संत तिरुवल्लुवर की इस प्राचीन रचना में 1330 दोहे हैं, जिनमें सदाचार, सुशासन, नैतिकता, धन और मानवीय संबंधों की सीख दी गई है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि तिरुवल्लुवर की ज्ञान परंपरा किसी एक भाषा या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी मानवता के लिए उपयोगी है।

उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भारत को एक नहीं बनाया था, देश की सांस्कृतिक और धार्मिक एकता पहले से मौजूद थी। इसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने काशी तमिल संगमम की शुरुआत की। भारत जिस गति से विकास कर रहा है, उसे वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। आर्थिक विकास के साथ भारत को अपनी सांस्कृतिक विरासत और मानवीय मूल्यों को भी दुनिया के सामने रखना होगा।

उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है। कभी पिछड़ेपन के लिए पहचाना जाने वाला उत्तर प्रदेश अब निरंतर प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश आज देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। देश की जीडीपी में इसका योगदान लगभग नौ प्रतिशत है। उन्हें पूरा विश्वास है कि वर्ष 2029 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य उत्तर प्रदेश उससे पहले ही हासिल कर लेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से मेरा नाता 20 साल पुराना है। वर्ष 1998 में जब हम दोनों संसद में अगल-बगल बैठते थे। एक-दूसरे के भाषण को ध्यान से सुनते थे। उपराष्ट्रपति ने नदियों को जोड़ने की बात कर कहा कि गंगा का पानी कावेरी तक पहुंचाने का लक्ष्य भी देश की एकता और समृद्धि से जुड़ा है। इसकी दिशा में गोदावरी का पानी कावेरी तक पहुंचाने की योजना जल्द पूरी करने की बात कही। उन्होंने इसे देश की नदियों को जोड़ने की बड़ी पहल का हिस्सा बताया।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…