सड़क दुघर्टना में दो लोगों की मौत,विरोध में सड़क जाम

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नालंदा, बिहारशरीफ 25 नवंबर (हि.स.)।नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को हुई अलग-अलग सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।पहला हादसा जेल गेट के पास हुआ, जहां एक बाइक पर तीन युवक सवार होकर बिहारशरीफ की तरफ आ रहे थे। स्पीड ज्यादा थी, अचानक बाइक अनियंत्रित हुई और सामने से आ रहे ई-रिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दो गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
मृतक कोसुक गांव निवासी 18 वर्षीय रविराज कुमार है।गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने राजगीर-बिहारशरीफ मुख्य मार्ग को कोसुक गांव के पास जाम कर दिया।लोगाें ने सड़क पर बैठकर मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे काफी देर तक मुख्य मार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतार लगी रही। यात्री परेशान होते रहे।
सूचना मिलते ही दीपनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजन को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद जाम हटाया गया और बिहारशरीफ-राजगीर मार्ग पर यातायात फिर से शुरू हुआ।
वहीं डीटीओ कार्यालय के पास एनएच-20 पर बुधवार को दूसरा सड़क हादसा हुआ। यहां अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार अधेड़ को रौंद दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक राणा बिगहा गांव निवासी 50 वर्षीय अवधेश कुमार सिंह हैं। टक्कर मारने वाला वाहन फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया है। दीपनगर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे