क्रॉप कटिंग के आंकड़े फसल की वास्तविक उत्पादकता का आकलन करने में महत्वपूर्ण : जिलाधिकारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कानपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़े फसल की वास्तविक उत्पादकता का आकलन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक प्रयोग में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित की जाए। यह बातें शुक्रवार को ग्राम चचेंडी में धान की क्रॉप कटिंग का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहीं।
जिलाधिकारी ने किसान के खेत में निर्धारित मानकों के अनुसार कराई गई क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया का जायजा लिया। 43.3 वर्गमीटर क्षेत्रफल में धान की कटाई कराने पर 25.500 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। इसके आधार पर धान की उत्पादकता लगभग 50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आंकी गई।
उन्होंने फसल की कटाई, उपज की तौल और उत्पादन के आकलन की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराया जाए। फसल उत्पादन के सटीक और विश्वसनीय आंकड़ों का संकलन भी सुनिश्चित किया जाए।
क्रॉप कटिंग प्रयोग के दौरान कृषक रामहेत के गाटा संख्या 1450 में निर्धारित त्रिभुजाकार प्लॉट में धान की कटाई कराई गई। फसल की तौल के बाद प्राप्त उपज के आधार पर प्रति हेक्टेयर उत्पादन का आकलन किया गया। इस दौरान तहसीलदार विनय कुमार द्विवेदी, अपर सांख्यिकीय अधिकारी कीर्ति दुबे, राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल और बीमा कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप