क्रिप्टो करेंसी मार्केट में बिकवाली का दबाव, 62 हजार डॉलर के स्तर से भी नीचे आई बिटकॉइन की कीमत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। ग्लोबल क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में आज चौतरफा बिकवाली का दबाव हावी रहा। एशियाई शेयर बाजारों में आई भारी गिरावट और अमेरिकी स्पॉट ईटीएफ से लगातार तीसरे सप्ताह जारी कैपिटल आउटफ्लो (पूंजी निकासी) ने निवेशकों की धारणा को कमजोर किया। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति के संकेतों की वजह से क्रिप्टो करेंसी मार्केट में लगातार निगेटिव सेंटिमेंट हावी रहा।
इसके अलावा सिर्फ चार घंटे के भीतर 175 मिलियन डॉलर से अधिक की लॉन्ग पोजीशन लिक्विडेट होने के कारण बाजार की गिरावट और बढ़ गई। भारतीय समय के अनुसार शाम 6:30 बजे के हिसाब से पिछले 24 घंटों के कारोबार के दौरान ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप लगभग 1.91 प्रतिशत फिसल कर 2.20 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर आ गया। बाजार की कुल पूंजी में आई इस कमी के बीच ट्रेडिंग वॉल्यूम में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई, जो 36.95 अरब डॉलर तक पहुंच गया।
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन में आज 3.5 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट के कारण ये आभासी मुद्रा फिसल कर 61,658.30 डॉलर के स्तर पर आ गई। दिन के कारोबार में इसने 61,222 डॉलर का निचला स्तर भी छुआ, जो जुलाई के बाद का सबसे निचला स्तर है। बिटकॉइन का कुल मार्केट कैप घट कर लगभग 1.24 से 1.25 ट्रिलियन डॉलर रह गया है, जबकि इसका 24 घंटे का ट्रेडिंग वॉल्यूम 18.72 अरब डॉलर दर्ज किया गया। बाजार में इसकी हिस्सेदारी यानी डोमिनेंस 56.68 प्रतिशत पर बनी हुई है।
इसी तरह दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम भी आज बिकवाली के दबाव से बच नहीं सकी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण पिछले 24 घंटे के कारोबार में ये क्रिप्टो करेंसी 3.33 प्रतिशत टूट कर 1,745.70 डॉलर के भाव पर आ गई। एथेरियम का मार्केट कैप कम होकर लगभग 214.33 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया है, वहीं इसका 24 घंटे का ट्रेडिंग वॉल्यूम 6.27 अरब डॉलर रहा।
टॉप 15 क्रिप्टो कॉइन्स के प्रदर्शन की बात करें तो प्रमुख कॉइन्स में गिरावट का रुख रहा। बिनेंस कॉइन यानी बीएनबी 3.04 प्रतिशत गिर कर 571.78 डॉलर, सोलाना 2.73 प्रतिशत टूट कर 72.83 डॉलर और रिपल यानी एक्सआरपी 1.18 से 3.08 प्रतिशत फिसल कर 0.9726 डॉलर के स्तर पर कारोबार करता दिखा। इसके अलावा डॉगकॉइन में 2.33 प्रतिशत, चेनलिंक में 2.31 प्रतिशत, एवलांच में 1.88 प्रतिशत और कार्डानो में 1.41 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई। वहीं, स्टेबल कॉइन्स में टेथर 0.9990 डॉलर और यूएसडी कॉइन 0.9998 डॉलर के स्तर पर स्थिर बने रहे।
बाजार के तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि बिटकॉइन के लिए अब 60,000 डॉलर का मनोवैज्ञानिक स्तर सबसे महत्वपूर्ण सपोर्ट बना हुआ है। यदि यह स्तर टूटता है तो बाजार में और गिरावट आ सकती है, जबकि ऊपर की ओर 72,273 डॉलर से 75,000 डॉलर के दायरे में मजबूत रेजिस्टेंस मौजूद है।
एथेरियम के लिए जानकारों ने 1,716 से 1,730 डॉलर को तत्काल सपोर्ट बताया है, जिसके नीचे फिसलने पर यह 1,650 डॉलर और फिर 1,510 से 1,570 डॉलर के स्तर तक जा सकता है। ऊपर की तरफ एथेरियम के लिए 1,850 से 1,860 डॉलर के स्तर पर पहला बड़ा रेजिस्टेंस है। इसके पार जाने पर 1,920 से 1,970 डॉलर के स्तर पर अगली रुकावट देखने को मिल सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक